कालाजार से बचाव को लेकर चल रहा है सघन छिड़काव अभियान
कालाजार से बचाव को लेकर चल रहा है सघन छिड़काव अभियान
– प्रचार प्रसार के साथ 26 प्रखंडों में हो रहा है छिड़काव
– 2 लाख 25 हजार घरों में एवं 173 गांवों में छिड़काव होना है
मोतिहारी, 23 सितम्बर
कालाजार उन्मूलन कार्यक्रम को लेकर सरकार एवं स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह मुश्तैद है। जिले में द्वितीय चरण के तहत 26 प्रखंडों में सघन छिड़काव अभियान चल रहा है। कालाजार से बचाव हेतु छिड़काव दल द्वारा घर-घर जाकर एसपी पाउडर से छिड़काव किया जा रहा है। सीएस डॉ अंजनी कुमार द्वारा आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। जिसमें हर हाल में निर्धारित समयावधि के अंदर छिड़काव का कार्य पूरा कराने को लेकर जिला स्तर पर माइक्रोप्लान और एक्शन प्लान तैयार कर जरूरी पहल करने को कहा है। ताकि निर्धारित समय पर अभियान का सफलतापूर्वक समापन सुनिश्चित हो सके।
2 लाख 25 हजार घरों में एवं 173 गांवों में छिड़काव होना है-
जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. शर्मा ने बताया कि छिड़काव के दौरान एक भी घर छूटे नहीं, इस बात का विशेष ख्याल रखा जा रहा है। इसको लेकर छिड़काव टीम को भी आवश्यक और जरूरी निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि 2 लाख 25 हजार घरों में एवं 173 गांवों में छिड़काव होना है। छिड़काव अभियान के दौरान सामुदायिक स्तर पर लोगों को कालाजार के कारण, लक्षण, बचाव एवं इसके उपचार की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। छिड़काव के दौरान किन-किन बातों का ख्याल रखना चाहिए, ये भी बताया जा रहा है।
सदर अस्पताल, चकिया, मधुबन, कल्याणपुर में है नि:शुल्क इलाज की सुविधा-
वेक्टर रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ शरत चन्द्र शर्मा ने बताया कि कालाजार मरीजों की जाँच की सुविधा जिले के सभी पीएचसी में नि:शुल्क उपलब्ध है। वही इलाज की सुविधा सदर अस्पताल, चकिया, मधुबन, कल्याणपुर में नि:शुल्क उपलब्ध है।
छिड़काव के दौरान इन बातों का रखें ख्याल-
– छिड़काव के पूर्व घर की अन्दरूनी दीवार की छेद/दरार बंद कर दें।
– घर के सभी कमरों, रसोई घर, पूजा घर, एवं गोहाल के अन्दरूनी दीवारों पर छः फीट तक छिड़काव अवश्य कराएं। छिड़काव के दो घंटे बाद घर में प्रवेश करें।
– छिड़काव के पूर्व भोजन सामग्री, बर्तन, कपड़े आदि को घर से बाहर रख दें।
– ढाई से तीन माह तक दीवारों पर लिपाई-पोताई ना करें, जिससे कीटनाशक (एस पी) का असर बना रहे।