अष्टयाम यज्ञ में पूजन को उमड़े श्रद्धालु
महुआ, नवनीत कुमार
24 घंटे की अष्टयाम यज्ञ को लेकर मिर्जानगर गांव भक्ति में लीन है। रविवार को यहां अष्टयाम यज्ञ की जाप से इलाका गुंजायमान रहा। यज्ञ मंडप की पूजा करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ होती रही।
यहां पहाड़पुर मठ पर संत भरत दास के 48वी पुण्यतिथि के मौके पर अष्टयाम यज्ञ किया जा रहा है। जिसमें श्रद्धालु रामनाम का जाप कर रहे हैं। महिलाओं की भीड़ तो यज्ञ मंडप की परिक्रमा करने के लिए उमड़ रही है। दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंच कर यज्ञ देवता का पूजन कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि यहां यज्ञ देवता के पूजन कर मन्नत मांगने से मनोकामना पूर्ण होती है। यहां यज्ञ में खासियत यह है कि हिंदू मुस्लिम दोनों समुदाय के लोग बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं। ग्रामीण मो इम्तियाज ने बताया कि संत भरत दास महाराज की 48 वीं पुण्यतिथि पर यह अष्टयाम यज्ञ हो रहा है। यहां श्रद्धालु पहुंचकर पूजा अर्चना कर रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि अष्टयाम यज्ञ को लेकर गांव और आसपास का इलाका भक्ति में लीन है। महिलाओं में तो भक्ति सिर चढ़कर बोल रही है। यज्ञ मंडप की परिक्रमा कर घर परिवार, समाज और राष्ट्र के उन्नत के साथ खुशहाल बनाने की मन्नत श्रद्धालु मांग रहे हैं। अष्टयाम के समापन पर विवाह कीर्तन का आयोजन होगा।