बलरामपुर सीएमओ ने सीएचसी तुलसीपुर का किया औचक निरीक्षण, सात कर्मचारी अनुपस्थित मिले अनुपस्थित कर्मचारियों का वेतन रोकने के निर्देश, साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा**
बलरामपुर।** जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और चिकित्सालयों की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी बलरामपुर डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने आज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) तुलसीपुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चिकित्सालय की विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं, कर्मचारियों की उपस्थिति, साफ-सफाई व्यवस्था तथा मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सात कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। इनमें श्रीमती सुदेश, एचबी; श्रीमती सुनीता देवी, एएनएम; पवन कुमार, एसटीएलएस; मनोज कुमार, एसटीएस; अमरेंद्र सिंह, बी सीपीएम; प्रीतम गुप्ता, MCTS ऑपरेटर तथा लाल बाबू मौर्य, ब्लॉक अकाउंट मैनेजर शामिल हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अनुपस्थित पाए गए सभी कर्मचारियों की अनुपस्थिति अवधि का वेतन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में कर्मचारियों की समयबद्ध उपस्थिति और दायित्वों का निर्वहन अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने चिकित्सालय भवन एवं परिसर का निरीक्षण करते हुए साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएचसी तुलसीपुर के अधीक्षक डॉ. सुजीत कुमार को निर्देशित किया कि चिकित्सालय के सभी वार्डों, मरीजों के प्रतीक्षालय, परिसर तथा अन्य आवश्यक स्थानों पर नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि मरीजों को स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध हो सके। डॉ. रस्तोगी ने निरीक्षण के दौरान पैथोलॉजी, इमरजेंसी कक्ष, प्रसव कक्ष (लेबर रूम), दवा वितरण कक्ष सहित चिकित्सालय के विभिन्न महत्वपूर्ण विभागों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित व्यवस्थाओं की स्थिति का जायजा लेते हुए उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही मरीजों को समय पर उपचार, आवश्यक जांच और दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में निर्धारित मानकों का पालन करने पर जोर दिया।मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में आने वाले मरीजों को बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को पूरी जिम्मेदारी, तत्परता और संवेदनशीलता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने चिकित्सालय की व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रखने, साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने तथा मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। तहलका न्यूज़ के लिए मिट्ठू शाह की रिपोर्ट









