मिशन शक्ति जागरूकता अभियान में थाना महाराजगंज का उत्कृष्ट प्रदर्शन, टीम की मेहनत लाई रंग.बलरामपुर महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को समर्पित मिशन शक्ति जागरूकता अभियान के अंतर्गत देवीपाटन मंडल में थाना महाराजगंज तराई ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल कर जनपद और मंडल का नाम रोशन किया है। अभियान की समीक्षा अवधि 18 दिसंबर 2025 तक के कार्यों के आधार पर की गई, जिसमें पूरे देवीपाटन मंडल में थाना महाराजगंज तराई को 10वां स्थान, जबकि जनपद बलरामपुर में द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ। इस उत्कृष्ट प्रदर्शन पर पुलिस विभाग के साथ-साथ आमजन में भी खुशी का माहौल है। मिशन शक्ति अभियान के दौरान थाना महाराजगंज तराई पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा से जुड़े कानूनों, साइबर अपराधों से बचाव तथा विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देकर व्यापक जागरूकता फैलाई। स्कूलों, कॉलेजों, ग्राम सभाओं, चौपालों और सार्वजनिक स्थलों पर आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं को 1090, 112, 181 सहित अन्य महत्वपूर्ण हेल्पलाइन सेवाओं के उपयोग के बारे में बताया गया। साथ ही घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, छेड़छाड़ और साइबर अपराध जैसी घटनाओं में त्वरित सहायता प्राप्त करने के तरीकों पर विस्तार से जानकारी दी गई।
इस अभियान की सफलता के पीछे मिशन शक्ति टीम की तत्कालीन प्रभारी उप निरीक्षक आकांक्षा तिवारी वर्तमान चौकी प्रभारी पीपल तिराहा कोतवाली नगर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके कुशल नेतृत्व, प्रभावी योजना और समर्पित कार्यशैली के कारण अभियान को नई दिशा और गति मिली। उन्होंने स्वयं जागरूकता कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता करते हुए महिलाओं से संवाद स्थापित किया और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। टीम के अन्य सदस्यों का योगदान भी सराहनीय रहा। मुख्य आरक्षी तेरस राम यादव,ओमप्रकाश यादव अरक्षी प्रमोद कुमार, पवनेश कुमार ने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में निरंतर संपर्क अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों तक मिशन शक्ति का संदेश पहुँचाया। वहीं महिला आरक्षी अनीता गुप्ता, पूजा यादव, सपना राज, श्रेवता मद्धेशिया और सपना ने महिलाओं और बालिकाओं के बीच विशेष रूप से विश्वास का माहौल बनाया। महिला डैक्स बोर्ड का कार्य कर रही महिला आरक्षी पूजा मिश्रा, आदित्या सिंह एवं साइबर अपराध डेक्स पर कार्य देख रहे आरक्षी धीरज तिवारी उनकी संवेदनशीलता और संवाद कौशल ने महिलाओं को खुलकर अपनी समस्याएं साझा करने का साहस दिया।
18 दिसंबर 2025 तक किए गए कार्यों की समीक्षा देवीपाटन मंडल गोंडा के पुलिस उपमहानिरीक्षक अमित पाठक द्वारा की गई, जिसमें थाना महाराजगंज तराई के प्रयासों को सराहते हुए बेहतर रैंकिंग प्रदान की गई। वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि यह उपलब्धि टीमवर्क, अनुशासन और जनसहयोग का प्रत्यक्ष परिणाम है।स्थानीय नागरिकों एवं महिला संगठनों ने भी थाना महाराजगंज तराई पुलिस की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता अभियानों से समाज में सकारात्मक बदलाव आता है और महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ता है। मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से बलरामपुर पुलिस ने एक बार फिर यह स्पष्ट संदेश दिया है कि नारी सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है, और भविष्य में भी ऐसे अभियान निरंतर जारी रहेंगे। तहलका न्यूज़ के लिए मिट्ठू शाह की रिपोर्ट



