अलका सिंह ने किया संत जोसेफ स्कूल के वार्षिक कैलेंडर का विमोचन।
रिपोर्ट सुधीर मालाकार ।
महुआ (वैशाली) प्रखंड क्षेत्र के सिंघाड़ा स्थित संत जोसेफ स्कूल के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में विद्यालय के वार्षिक कैलेंडर का विमोचन किया गया।विद्यालय कैलेंडर का विमोचन श्रीमती अलका सिंह के कर-कमलों द्वारा किया गया।
कहते हैं, हर सफल व्यक्ति के पीछे किसी महिला का हाथ होता है। इसी भावना को साकार करते हुए श्रीमती अलका सिंह, जो लोक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, बिहार सरकार के मंत्री संजय सिंह की धर्मपत्नी हैं, के कर-कमलों द्वारा संत जोसेफ स्कूल, सिंघाड़ा के वार्षिक विद्यालय कैलेंडर का शुभ विमोचन किया गया।
इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तित्व, अभिभावक एवं स्थानीय समाजसेवी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना से किया गया। विद्यालय के प्राचार्य ने उपस्थित अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि यह कैलेंडर वर्षभर की शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का मार्गदर्शक होगा।
श्रीमती अलका सिंह ने अपने संबोधन में विद्यालय परिवार को इस सराहनीय पहल के लिए बधाई दी और कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में अनुशासन, समयबद्धता और संस्कारों की भावना विकसित करते हैं। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ देकर अतिथियों का मन मोह लिया।
अंत में प्राचार्य ने आगंतुकों के प्रति आभार प्रकट किया और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस मौके पर विद्यालय के प्रबंधक श्रीमती सीमा सिंह एवं निर्देशक सत्येंद्र कुमार सिंह उपस्थित थे।

