बीपीएससी शिक्षिका का शव फंदे पर लटका मिला,पैर ज़मीन पर; सुसाइड नोट के बावजूद मामला संदिग्ध।
रिपोर्ट सुधीर मालाकार।
हाजीपुर(वैशाली) जिले के कटहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सेहान गांव में सोमवार सुबह एक सरकारी स्कूल की बीपीएससी महिला शिक्षिका का शव कमरे में फांसी के फंदे से लटका मिला। हैरानी की बात यह रही कि शव का पूरा वजन ज़मीन पर टिका हुआ था। कमरे से सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें स्पष्ट रूप से लिखा गया है— “ये हत्या नहीं है”। हालांकि, घटनास्थल की स्थिति और परिजनों के आरोपों के कारण मामला संदिग्ध बना हुआ है।
मृतका की पहचान प्रिया भारती के रूप में हुई है। वह स्कूल खाजेचांद में पदस्थापित थीं तथा विद्यालय के समीप किराए के मकान में रह रही थीं। मृतका की तीन माह की एक बच्ची है।
मौके से मिले सुसाइड नोट में प्रिया ने बीमारी के कारण आत्महत्या करने की बात लिखी है। नोट में यह भी उल्लेख है कि इस घटना में किसी व्यक्ति का कोई हाथ नहीं है। साथ ही अंतिम संस्कार हाजीपुर में ही किए जाने, पोस्टमॉर्टम न कराए जाने तथा पति या परिजनों पर किसी प्रकार का मुकदमा न चलाने की बात भी लिखी गई है। सुसाइड नोट में मोबाइल फोन में कुछ मैसेज, ऑडियो व वीडियो होने का भी ज़िक्र किया गया है।
मृतका के पति दीपक कुमार, जो रक्सौल स्थित आईसीआईसीआई बैंक में डिप्टी ब्रांच मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं, ने बताया कि रविवार की शाम उनकी पत्नी से व्हाट्सऐप कॉल पर बातचीत हुई थी। सोमवार सुबह फोन रिसीव नहीं होने पर उन्होंने मकान मालिक के परिजनों को कमरे पर भेजा। इसके बाद दरवाजा खोला गया, जहां प्रिया का शव फंदे से लटका मिला।
उधर, मृतका के मामा हरिकांत गिरी ने इस घटना को आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि शव का पूरा वजन ज़मीन पर था और सुसाइड नोट की भाषा प्रिया की लेखनी से मेल नहीं खाती। उन्होंने पारिवारिक विवाद और हालिया तनाव की ओर भी इशारा किया है।
प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (BEO) महेश प्रसाद ने बताया कि घटनास्थल का दृश्य सामान्य आत्महत्या जैसा प्रतीत नहीं होता। उन्होंने कहा कि शिक्षिका का विद्यालय में आचरण अच्छा था, हालांकि पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है तथा मृतका का मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार सुसाइड नोट, फोरेंसिक रिपोर्ट और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है। जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
इस मामले में महुआ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संजीव कुमार ने कहा कि इन सारे मामले को बारीकी से जांच की जा रही, परिजनों की तरफ से कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुई है, पुलिस मामले की हर बिंदुओं की जांच कर रही है आगे आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

