फाइलेरिया उन्मूलन अभियान: जिलाधिकारी वैशाली, श्रीमति वर्षा सिंह की पहल, जन-जागरूकता रथ को दिखाई गई हरी झंडी

फाइलेरिया उन्मूलन अभियान: जिलाधिकारी वैशाली, श्रीमति वर्षा सिंह की पहल, जन-जागरूकता रथ को दिखाई गई हरी झंडी

वैशाली जिले में फाइलेरिया जैसी गंभीर बीमारी से बचाव एवं उन्मूलन के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा व्यापक जन-जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई है। जिलाधिकारी वैशाली श्रीमति वर्षा सिंह के नेतृत्व में 10 फरवरी से 27 फरवरी 2026 तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत महुआ एवं चेहराकलां प्रखंडों में सर्वजन दवा सेवन कार्यक्रम (एमडीए) को प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा।

अभियान की शुरुआत के अवसर पर डीएम वैशाली वर्षा सिंह द्वारा “मच्छर भगाओ, फाइलेरिया से बचाओ” संदेश के साथ जन-जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह रथ आगामी 10 दिनों तक दोनों प्रखंडों की पंचायतों एवं महादलित टोलों में भ्रमण कर लोगों को फाइलेरिया से बचाव, दवा सेवन की अनिवार्यता तथा स्वच्छता के प्रति जागरूक करेगा। कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, सिविल सर्जन, जिला मलेरिया पदाधिकारी सहित संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिया कि अभियान की सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति दवा सेवन से वंचित न रहे। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों के साथ-साथ जीविका दीदी, आंगनवाड़ी सेविका एवं अन्य विभागों के समन्वय से अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देने पर बल दिया। डीएम वैशाली की यह पहल जिले को फाइलेरिया मुक्त बनाने की दिशा में एक सशक्त और निर्णायक कदम मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!