प्रो वीणा कुमारी सिंह बेस्ट मेडिकल टीचर अवार्ड से सम्मानित

प्रो वीणा कुमारी सिंह बेस्ट मेडिकल टीचर अवार्ड से सम्मानित
फुलवारी शरीफ (प्रवेज आलम)
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) पटना की प्लास्टिक सर्जरी विभागाध्यक्ष प्रो वीणा कुमारी सिंह को चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान, समर्पण और कुशल नेतृत्व के लिए प्रतिष्ठित नेशनल बेस्ट मेडिकल टीचर अवार्ड से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान इंडियन मेडिकल एसोसिएशन द्वारा बिहार आईएमए के 81वें वार्षिक अधिवेशन के दौरान मोतिहारी में आयोजित एक भव्य समारोह में प्रदान किया गया। इस सम्मान से न केवल एम्स पटना बल्कि पूरे बिहार के चिकित्सा जगत में गौरव और उत्साह का माहौल है। समारोह के दौरान इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ अनिल नायक, महासचिव डॉ सारबरी दत्ता और कोषाध्यक्ष डॉ पीयूष जैन ने प्रो वीणा कुमारी सिंह को यह सम्मान प्रदान किया। प्रो वीणा कुमारी सिंह पिछले कई वर्षों से चिकित्सा शिक्षा और प्लास्टिक सर्जरी के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं। प्रो वीणा का क्रिटिकल थिंकिंग विषय पर विशेष अध्ययन और शोधकार्य भी काफी सराहनीय रहा है। यह विषय चिकित्सकों को रोगियों के उपचार के दौरान सटीक और गुणवत्तापूर्ण निर्णय लेने में मदद करता है। प्रो वीणा कुमारी सिंह को मिले इस राष्ट्रीय सम्मान से एम्स पटना के चिकित्सकों, छात्रों और कर्मचारियों में खुशी की लहर है। एम्स पटना प्रशासन और उनके सहयोगियों ने इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी और इसे संस्थान के लिए गर्व का क्षण बताया। चिकित्सा जगत के विशेषज्ञों का मानना है कि प्रो वीणा जैसे समर्पित और अनुभवी शिक्षकों के कारण चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता में लगातार सुधार हो रहा है और यह देश के स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए अत्यंत सकारात्मक संकेत है। प्रो वीणा कुमारी सिंह की इस उपलब्धि ने न केवल एम्स पटना बल्कि बिहार राज्य का भी नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!