लालगंज में शुरू हुआ प्राधिकार आपके द्वार कार्यक्रम
लालगंज प्रखंड के मथुरापुर कुशदे महादलित टोले में ‘अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस एवं सप्ताह समारोह’ के उपलक्ष्य में ‘प्राधिकार आपके द्वार’ कार्यक्रम की शुरुआत की गयी। यह कार्यक्रम जिला विधिक सेवा प्राधिकार हाजीपुर वैशाली के तत्वावधान में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष हर्षित सिंह और प्राधिकार की सचिव सह अवर न्यायाधीश ऋतू कुमारी के निर्देश पर आयोजित किया गया। इस दौरान कार्यक्रम का नेतृत्व करते हुए अधिकार मित्र संतोष कुमार ने बताया की दुनिया भर में मार्च के पहले सप्ताह में महिला दिवस सप्ताह समारोह की शुरुआत होती है और आठ मार्च को महिला दिवस मनाया जाता है।जिला विधिक सेवा प्राधिकार वैशाली चार से आठ मार्च तक महिलाओं के सशक्तिकरण, उनके सर्वांगीण विकास, संवैधानिक अधिकारों व समाज में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने तथा विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराने के उद्देश्य से ‘प्राधिकार आपके द्वार’ कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। इस अभियान के दौरान महिलाओं की सशक्तीकरण के लिए चलायी जा रही नारी सम्मान योजना, सबला योजना, उज्ज्वला योजना, समेकित बाल संरक्षण योजना, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना, मुख्यमंत्री बालिका प्रोत्साहन योजना, महिला उद्यमी योजना सहित केंद्र और राज्य सरकार की अन्य योजनाओं की जानकारी दी जा रहीं हैं।सरकार ने महिलाओं की सहायता और सुरक्षा के लिए हर जिले में महिला थाना और महिला हेल्पलाइन की स्थापना की है।इस अवसर पर लोगों को जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा आमजनों को दी जाने वाली सुविधाओं और उनके लिए उपलब्ध कानूनी सेवाओं की भी जानकारी दी गई। मौके पर पीएलभी राजेश कुमार निराला ,निर्मला कुमारी, जुली कुमारी,अमृता कुमारी, रवि रंजन कुमार, पंकज कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
