वैशाली की बेटी साबरीन बनी मैट्रिक परीक्षा 2026 की टॉपर
वैशाली जिले के महुआ अनुमंडल क्षेत्र के चेहरा कलां प्रखंड अंतर्गत छोराही गांव निवासी मोहम्मद सज्जाद की पुत्री साबरीन परवीन ने मैट्रिक परीक्षा 2026 में 492 अंक प्राप्त कर बिहार स्कूल एग्जामिनेशन बोर्ड में टॉपर बनकर ऐतिहासिक सफलता हासिल की है। इस उल्लेखनीय उपलब्धि से साबरीन परवीन ने अपने गांव और पूरे जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस सफलता से गांव में खुशी का माहौल है। लोग उनके घर पहुंचकर मिठाई खिलाकर बधाई दे रहे हैं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना कर रहे हैं। साबरीन परवीन ने गांव में रहकर ही अपनी पढ़ाई पूरी की और मैट्रिक परीक्षा की तैयारी की। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपनी मेहनत और लगन के बल पर यह मुकाम हासिल किया। उनके पिता मोहम्मद सज्जाद पश्चिम बंगाल के रामपुरहाट में टायर पंचर बनाने का काम करते हैं और परिवार का पालन-पोषण करते हैं, जबकि उनकी माता एक गृहिणी हैं। साबरीन तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ी हैं और बचपन से ही मेधावी रही हैं। उन्होंने 492 अंक हासिल कर न केवल अपने गांव बल्कि पूरे बिहार का नाम रोशन किया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्र में रहकर इतनी बड़ी सफलता हासिल करना अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। साबरीन की इस उपलब्धि पर गांव के लोगों, शिक्षकों और जनप्रतिनिधियों ने उन्हें बधाई दी है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।



