देश सेवा में समर्पित रहे सोनू का निधन अपूरणीय क्षति, परिजनों को जल्द मिलेगी सरकारी मदद: चिराग पासवान

देश सेवा में समर्पित रहे सोनू का निधन अपूरणीय क्षति, परिजनों को जल्द मिलेगी सरकारी मदद: चिराग पासवान

महुआ (वैशाली)। प्रखंड की शेरपुर मानिकपुर पंचायत के अख्तियारपुर मोहनपुर गांव में उस समय माहौल बेहद गमगीन हो गया, जब लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान सेना के दिवंगत जवान सोनू कुमार सिंह के परिजनों से मिलने पहुंचे। रविवार को आए केंद्रीय मंत्री ने शोक संतप्त परिवार को ढाढस बंधाया और केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहायता समय पर उपलब्ध कराने का भरोसा दिया।
बीमारी से हुआ था जवान का निधन
मालूम हो कि अख्तियारपुर मोहनपुर निवासी स्वर्गीय रत्नेश सिंह के पुत्र और सेना के जांबाज जवान सोनू कुमार सिंह का बीते दिनों बीमारी के इलाज के दौरान कोलकाता के एक अस्पताल में निधन हो गया था। उनके असामयिक निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। दिवंगत जवान की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के बाद केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा, “सोनू ने सेना में रहकर पूरी निष्ठा से राष्ट्र की सेवा की। उनका इस तरह चले जाना सिर्फ उनके परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए एक अपूरणीय क्षति है।”
पीड़ित परिवार से मिलकर बंधाया ढाढस
दुख की इस घड़ी में केंद्रीय मंत्री ने दिवंगत सोनू की माता वीणा देवी, पत्नी माला कुमारी, बड़े पुत्र अर्णव और छोटे पुत्र लड्डू से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों का हाथ थामकर उन्हें धैर्य और साहस रखने की सांत्वना दी। चिराग पासवान ने विशेष रूप से आश्वस्त किया कि सेना और केंद्र सरकार के स्तर से मिलने वाली तमाम वित्तीय व अन्य सहायताएं परिवार को बिना किसी देरी के जल्द से जल्द दिलाई जाएंगी।
मौके पर मौजूद रहे कई गणमान्य
इस भावुक क्षण में केंद्रीय मंत्री के साथ बिहार सरकार के पीएचईडी मंत्री संजय कुमार सिंह, एमएलसी अशरफ अंसारी, अवधेश कुमार सिंह, प्रदेश महासचिव राजकुमार पासवान, देवेंद्र पासवान, लखनदेव पासवान, छात्र संगठन के जिला अध्यक्ष श्रीकांत पासवान, युवा नेता संतोष शर्मा, संजय चौधरी, कृष्ण मुरारी पासवान, सुबोध पासवान, मनोज सिंह, पंकज सिंह, पारस गुप्ता, मिथुन सिंह राजपूत और नरेंद्र सिंह भोला सहित दर्जनों स्थानीय नेताओं और ग्रामीणों ने भी दिवंगत जवान को अपने श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!