अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी, रेलवे बोर्ड श्री सतीश कुमार ने भारतीय रेलवे के संरक्षा पहलुओं की विस्तृत समीक्षा की
हाजीपुर: 15.02.2025
आज दिनांक 15.02.2025 को श्री सतीश कुमार, अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी, रेलवे बोर्ड की अध्यक्षता में वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से भारतीय रेलवे के संरक्षा पहलुओं की विस्तृत समीक्षा की गयी। इस समीक्षा बैठक में रेल बोर्ड के सदस्यगण, क्षेत्रीय रेलवे के महाप्रबंधक सहित अन्य विभागाध्यक्ष तथा सभी मंडलों के मंडल रेल प्रबंधक एवं अधिकारीगण वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े थे । बैठक में रेलवे से जुड़े विभिन्न संरक्षा पहलुओं पर गहन चर्चा की गयी।
बैठक में अध्यक्ष, रेलवे बोर्ड ने स्वचालित सिग्नलिंग, लाईन कर्मचारियों की कार्य अवधि, यार्ड रिमॉडलिंग एवं यार्ड बुनियादी ढांचे, डस्टर प्रबंधन टीम में संरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर विशेष ध्यान देने पर जोर दिया । इसके अलावा उन्होंने पाक्षिक संरक्षा कार्य योजना बनाने और उसकी नियमित समीक्षा करने के भी निर्देश दिये ।
इस समीक्षा बैठक में पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक श्री छत्रसाल सिंह पूर्व मध्य रेल मुख्यालय के विभागाध्यक्षों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े थे । इसके साथ ही पांचों मंडलों के मंडल रेल प्रबंधक अपने अपने मंडलों में अधिकारियों के साथ इस समीक्षा बैठक में उपस्थित थे ।
(सरस्वती चन्द्र)
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी

