वैशाली में ‘ शौर्य संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन, वीर नारियों और योद्धाओं का सम्मान
हाजीपुर, वैशाली 13 सितंबर 2025 – आज वैशाली में महुआ के जवाहर चौक स्थित भी सेलिब्रेशन विवाह भवन’ में जिला सैनिक कल्याण कार्यालय द्वारा ‘शौर्य संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम वीर नारियों और 1962, 1965 और 1971 के युद्ध में भाग लेने वाले योद्धाओं के सम्मान में आयोजित किया गया था।
जिले के सभी प्रखंडों से आए सैकड़ों पूर्व सैनिकों ने इस कार्यक्रम में भाग लिया। सभा का संचालन जिला अनुश्रवण समिति के सदस्य श्री मुन्ना कुमार ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला सैनिक कल्याण अधिकारी (सेवानिवृत्त) कर्नल संतोष त्रिपाठी, वीर नारियों और योद्धाओं द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद राष्ट्रगान गाया गया और शहीदों की याद में दो मिनट का मौन रखा गया।
सम्मान और उद्बोधन
मां भारती पब्लिक स्कूल के बच्चों ने स्वागत गीत गाकर सभी वीर नारियों और योद्धाओं का अभिनंदन किया। कर्नल संतोष त्रिपाठी ने 1962, 1965 और 1971 के योद्धाओं को शॉल देकर सम्मानित किया। इसके बाद, वीर नारियों और शहीदों की विधवाओं को भी शॉल भेंट कर उनका सम्मान किया गया।
इस बैठक की मुख्य अतिथि हाल ही में शहीद हुए कुंदन सिंह की पत्नी प्रियंका कुमारी थीं। इस अवसर पर समाज सेवा में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कुछ पूर्व सैनिकों को भी सम्मानित किया गया। इनमें जंदाहा प्रखंड निवासी अनुरोधन सिंह शामिल थे, जो सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद युवाओं को नि:शुल्क शारीरिक प्रशिक्षण देकर उन्हें सेना में भर्ती होने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं। बिहार राज्य सरकार के वन विभाग के ब्रांड एंबेसडर कैप्टन महेंद्र राय (राजापाकर निवासी) को भी सम्मानित किया गया। उल्लेखनीय है कि हाल ही में 15 अगस्त को बिहार से सम्मानित होने वाले 10 व्यक्तियों में कैप्टन महेंद्र राय भी शामिल थे।
सभा को संबोधित करते हुए कर्नल संतोष त्रिपाठी ने केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा पूर्व सैनिकों को दी जाने वाली सुविधाओं की जानकारी दी।
प्रमुख मांगें और निराशा
पूर्व सैनिकों ने वैशाली जिले में एक कैंटीन और एक एकीकृत भवन के निर्माण की प्रमुख मांग रखी। उनका सुझाव था कि इस एकीकृत भवन में पूर्व सैनिकों के रहने, कैंटीन और स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ एक ही छत के नीचे मिल सके।
हालांकि, कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों की अनुपस्थिति से पूर्व सैनिकों में काफी निराशा देखने को मिली। जिला अनुश्रवण समिति के सदस्य श्री मुन्ना कुमार ने बताया कि कार्यक्रम की जानकारी एक सप्ताह पहले ही वरिष्ठ पदाधिकारियों को दी गई थी और उन्होंने स्वयं दो दिन पहले महुआ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को लिखित सूचना दी थी। इसके बावजूद, किसी भी प्रशासनिक अधिकारी या उनके प्रतिनिधि ने इस कार्यक्रम में आना उचित नहीं समझा। इस रवैये पर पूर्व सैनिकों ने रोष व्यक्त किया।
रक्षा लेखा विभाग (स्पर्श) से एक कर्मचारी मनोज गुप्ता द्वारा स्पर्श पेंशन पर विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंत में वैशाली जिला पूर्व सैनिक संघ के अध्यक्ष श्री रामनरेश सिंह ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया।
सभा में के बाद सभी पूर्व सैनिकों के लिए अल्पाहार की भी व्यवस्था की गई थी वहीं एक निजी कंपनी लाल माटी के द्वारा सभी को ऑर्गेनिक चाय भी पिलाई गई ।
जिला सैनिक कल्याण कार्यालय हाजीपुर वैशाली

