बलरामपुर मिशन शक्ति 05 के तहत बहू बेटी सम्मेलन का हुआ आयोजन

मिशन शक्ति 5.0 के तहत बलरामपुर में बहु–बेटी सम्मेलन, महिलाओं को सुरक्षा व आत्मनिर्भरता का मिला नया संदेश बलरामपुर,महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को मजबूत करने के उद्देश्य से मिशन शक्ति अभियान 5.0 के तहत आज जनपद बलरामपुर के सभी थाना क्षेत्रों में बहु–बेटी सम्मेलन का आयोजन किया गया। मिशन शक्ति टीम व एंटी रोमियो टीम ने गांव–कस्बों में पहुंचकर महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया। थाना महराजगंज तराई में महिला उपनिरीक्षक आकांक्षा तिवारी के नेतृत्व में विशेष बहु–बेटी सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं, छात्राएं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ती, आशा बहुएं व सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। उपनिरीक्षक आकांक्षा तिवारी ने महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, एंबुलेंस सेवा 108, वन स्टॉप सेंटर, घरेलू हिंसा कानून, दहेज उत्पीड़न, बाल विवाह निषेध, बाल अपराध रोकथाम, सुमंगल योजना, पारिवारिक लाभ व मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।उन्होंने महिलाओं को साइबर अपराध से बचाव, आत्मरक्षा के तरीकों तथा मिशन शक्ति केंद्र की सुविधाओं से अवगत कराया। कार्यक्रम के दौरान हेल्पलाइन नंबरों से संबंधित पंपलेट भी वितरित किए गए। थाना हरैया, तुलसीपुर, पचपेड़वा, कोतवाली नगर, रेहरा बाजार, ललिया, गौरा चौराहा, गैड़ास बुजुर्ग, कोतवाली उतरौला, सादुल्लानगर, गैसड़ी, श्रीदत्तगंज व जरवा सहित कई क्षेत्रों में भी इसी तरह के सम्मेलन आयोजित हुए। सभी स्थानों पर पुलिस टीमों ने महिलाओं को नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और आत्मनिर्भरता का संदेश दिया।
ग्राम बरदहवा (थाना महराजगंज तराई) में आयोजित चौपाल में उपनिरीक्षक आकांक्षा तिवारी अपनी टीम—महिला कांस्टेबल अनीता गुप्ता, सपना राज, पूजा यादव और श्वेता मद्धेशिया—के साथ मौजूद रहीं। पुलिस टीम ने महिलाओं को जागरूकता की शपथ दिलाई और उन्हें समाज में अपनी मजबूत भूमिका निभाने के लिए प्रोत्साहित किया। बलरामपुर पुलिस का कहना है कि मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं, बहुओं और बेटियों को सुरक्षित, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रयास आगे भी जारी रहेंगे। कार्यक्रम के अंत में महिलाओं ने सुरक्षा जागरूकता और सामाजिक भागीदारी को बढ़ाने का संकल्प लिया। तहलका न्यूज़ के लिए मिट्ठू शाह की रिपोर्ट

j

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!