2017 के पश्चात् पहली बार जिलाधिकारी द्वारा 33 व्यक्तियों को एक साथ अनुज्ञप्ति पत्र का वितरण

2017 के पश्चात् पहली बार जिलाधिकारी द्वारा 33 व्यक्तियों को एक साथ अनुज्ञप्ति पत्र का वितरण

अनुज्ञप्ति प्राप्त करने के पश्चात् किसी भी विद्युत प्रतिष्ठान में कार्य करने के लिए होंगे अधिकृत

दिनांक 19 दिसंबर 2025 को जिला पदाधिकारी, वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह द्वारा समाहरणालय स्थित पुष्करणी सभागार में विद्युत ठीकेदारों, पर्यवेक्षकों एवं तारकर्मियों को उनके अनुज्ञा-पत्र/अनुज्ञप्ति का विधिवत वितरण किया गया। यह कार्यक्रम विद्युत कार्यों को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं मानक अनुरूप बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में संपन्न हुआ।

उल्लेखनीय है कि इसके पूर्व दिनांक 10.09.2025 को जिला पदाधिकारी-सह-अध्यक्ष, जिला विद्युत लाइसेंसिंग बोर्ड, वैशाली की अध्यक्षता में अनुज्ञप्ति निर्गत करने हेतु साक्षात्कार का आयोजन किया गया था। इस प्रक्रिया के अंतर्गत कुल 115 आवेदन प्राप्त हुए, जिनका विस्तृत परीक्षण एवं साक्षात्कार के उपरांत मूल्यांकन किया गया।

साक्षात्कार में सफल पाए गए अभ्यर्थियों में से 12 विद्युत ठीकेदार, 06 पर्यवेक्षक एवं 15 तारकर्मी, कुल 33 व्यक्तियों को अनुज्ञप्ति प्रदान की गई। अनुज्ञप्ति प्राप्त होने के साथ ही ये सभी व्यक्ति किसी भी मान्यता प्राप्त विद्युत प्रतिष्ठान में कार्य करने के लिए अधिकृत हो गए हैं। इससे जिले में कुशल एवं प्रमाणित मानव संसाधन की उपलब्धता सुनिश्चित होगी तथा विद्युत कार्यों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों में भी अपेक्षित सुधार होगा।

विदित हो कि वर्ष 2017 के पश्चात् वैशाली जिले में एक भी विद्युत अनुज्ञा-पत्र/अनुज्ञप्ति निर्गत नहीं की गई थी। जिला पदाधिकारी, वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह द्वारा इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए सभी लंबित आवेदनों के त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया गया, जिसके आलोक में यह कार्रवाई की गई है। अनुज्ञप्ति प्राप्त करने वालों में महिलाएं भी सम्मिलित थी जिनको जिलाधिकारी द्वारा बेहतर कार्य सम्पन्न करने हेतु प्रोत्साहित किया गया |

जिला पदाधिकारी द्वारा यह भी निर्देशित किया गया कि भविष्य में अनुज्ञप्ति निर्गत करने की प्रक्रिया को नियमित, पारदर्शी एवं समयबद्ध रूप से संचालित किया जाएगा, ताकि योग्य अभ्यर्थियों को समय पर अवसर प्राप्त हो सके तथा जिले में विद्युत सेवाओं का सुदृढ़ीकरण सुनिश्चित किया जा सके।

यह पहल न केवल रोजगार सृजन की दिशा में सहायक सिद्ध होगी, बल्कि विद्युत संरचना के सुरक्षित एवं सुचारु संचालन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!