जिलाधिकारी द्वारा जनता दरबार कार्यक्रम का आयोजन,

जिलाधिकारी द्वारा जनता दरबार कार्यक्रम का आयोजन, जनता की समस्याओं पर पदाधिकारियों को त्वरित कार्रवाई का निर्देश
जिलाधिकारी ने जनता दरबार में ही अपने हाथों से आवेदिका को कंबल ओढ़ाया

दिनांक 19.12.2025 (शुक्रवार) को जिला पदाधिकारी, वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह द्वारा समाहरणालय परिसर में आम लोगों से प्रत्यक्ष संवाद हेतु जनता दरबार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी द्वारा आमजन की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना गया तथा कुल 82 परिवादों पर एक-एक कर सुनवाई की गई।

जिला पदाधिकारी द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि जनता दरबार में प्राप्त सभी परिवाद पत्रों का निष्पादन प्राथमिकता के आधार पर करते हुए 07 दिनों के भीतर की गई कार्रवाई का प्रतिवेदन जन शिकायत कोषांग को अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराया जाए, ताकि समस्याओं का समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

उक्त जनता दरबार कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। प्राप्त परिवादों का विभागवार विवरण इस प्रकार है— राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग से 40, शिक्षा विभाग से 03, जिला निबंधन से 05, सामान्य शाखा से 02, आपूर्ति विभाग से 02, आई०सी०डी०एस० से 02, पुलिस अधीक्षक कार्यालय से 01, सामाजिक सुरक्षा से 02, विद्युत विभाग से 03, पंचायती राज से 02, मनरेगा से 01, उप विकास आयुक्त कार्यालय से 01, सिविल सर्जन कार्यालय से 01 तथा अन्य विभागों से कुल 16 परिवाद पत्र प्राप्त हुए।

जनता दरबार कार्यक्रम के दौरान एक भावनात्मक क्षण भी देखने को मिला, जब जिलाधिकारी द्वारा आवेदिका मधु कुमारी की समस्या को संवेदनशीलता से सुनते हुए उनके प्रति मानवीय सहानुभूति व्यक्त की गई। शीतलहर की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी ने जनता दरबार में ही अपने हाथों से उन्हें कंबल ओढ़ाकर मानवीय सरोकार का परिचय दिया।

जनता दरबार कार्यक्रम के माध्यम से जिला प्रशासन द्वारा आमजन की समस्याओं के समाधान हेतु अपनी प्रतिबद्धता को पुनः सुदृढ़ किया गया तथा यह संदेश दिया गया कि जनता की शिकायतों का त्वरित, पारदर्शी एवं संवेदनशील समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!