जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण

जिला पदाधिकारी, वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह एवं पुलिस अधीक्षक, वैशाली श्री विक्रम सिहाग द्वारा जी. ए. इंटर स्कूल, हाजीपुर सहित जिले के अन्य परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर अपनाई जा रही जांच व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, जैमर की व्यवस्था, वीक्षक दल की तैनाती तथा समग्र सुरक्षा प्रबंधों का गहन अवलोकन किया।

बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (बीपीएसएससी), पटना द्वारा आयोजित पुलिस अवर निरीक्षक (एसआई) पद पर नियुक्ति हेतु प्रारंभिक लिखित प्रतियोगिता परीक्षा वैशाली जिले में जिला प्रशासन की सघन निगरानी, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था एवं प्रभावी प्रशासनिक समन्वय के बीच शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचार-मुक्त वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न कराई गई।

उक्त परीक्षा का आयोजन दिनांक 18 जनवरी 2026 (रविवार) को हाजीपुर अनुमंडल क्षेत्र अंतर्गत चिन्हित कुल 16 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में किया गया। परीक्षा के सुचारु, पारदर्शी एवं निष्पक्ष संचालन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा पूर्व से ही व्यापक तैयारियाँ की गई थीं। आज संपन्न इस परीक्षा में कुल अभ्यर्थियों की संख्या 11280, उपस्थित अभ्यर्थियों की संख्या 8304 एवं अनुपस्थित अभ्यर्थियों की संख्या 2976 रही।

परीक्षा के दौरान तीन-स्तरीय प्रशासनिक एवं पुलिस व्यवस्था लागू की गई थी। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर केंद्राधीक्षक, स्टैटिक दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल की पर्याप्त प्रतिनियुक्ति की गई थी। इसके अतिरिक्त जोनल दंडाधिकारी एवं उड़नदस्ता दल द्वारा निरंतर भ्रमणशील निरीक्षण कर परीक्षा की सतत निगरानी सुनिश्चित की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!