शांति और सौहार्द के लिए प्रशासन की अपील: अश्लील और भड़काऊ गाने बजाने वालों पर होगी कार्रवाई

शांति और सौहार्द के लिए प्रशासन की अपील: अश्लील और भड़काऊ गाने बजाने वालों पर होगी कार्रवाई

महनार, वैशाली: सरस्वती पूजा के शांतिपूर्ण और भाईचारे के माहौल में आयोजन को लेकर रविवार को महनार थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संयुक्त रूप से राजस्व पदाधिकारी सह सीओ पूजा राय एवं थानाध्यक्ष वेदानंद सिंह ने की।

बैठक को संबोधित करते हुए सीओ पूजा राय ने कहा कि सभी पूजा समिति के लोगों को सरकारी निर्देशों का सख्ती से पालन करना अनिवार्य होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी पूजा पंडाल में डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। केवल निर्धारित डेसीबल में लाउडस्पीकर का इस्तेमाल की इजाजत दी जाएगी। अश्लील या भड़काऊ गाने बजाने वाली पूजा समितियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मूर्ति विसर्जन को लेकर सीओ ने बताया कि खतरनाक घाटों एवं पोखरों को चिन्हित किया जा रहा है, जहां मजिस्ट्रेट के साथ एसडीआरएफ एवं आपदा मित्र की तैनाती की जाएगी, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

थानाध्यक्ष वेदानंद सिंह ने सभी पूजा समितियों और जनप्रतिनिधियों को निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक सार्वजनिक पूजा पंडाल के लिए लाइसेंस लेना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि पूजा और विसर्जन के दौरान शांति भंग करने वाले शरारती तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। विसर्जन निर्धारित समय और तय रूट के अनुसार ही किया जाएगा। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत थाने को देने की अपील की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!