सनकी भतीजे ने हंसुआ से वार कर चाचा को उतारा मौत के घाट, चाची को किया जख्मी

सनकी भतीजे ने हंसुआ से वार कर चाचा को उतारा मौत के घाट, चाची को किया जख्मी

महुआ: रेणु सिंह

महुआ अनुमंडल और बरांटी थाना क्षेत्र के बहुआरा पंचायत के वार्ड नंबर 01 में सोमवार की दोपहर एक सनकी भतीजे ने अपने चाचा को हंसुआ से वार कर मौत के घाट उतार दिया। इस घटना में चाची भी घायल हो गईं।

घटना के अनुसार, बहुआरा निवासी महताब लाल सिंह अपने घर के बाहर धूप में बैठे थे, तभी उनका भतीजा मंजय कुमार सिंह हंसुआ लेकर आया और उन पर हमला कर दिया। महताब लाल सिंह की पत्नी सकली देवी ने अपने पति को बचाने की कोशिश की, लेकिन मंजय कुमार सिंह ने उन पर भी हंसुआ से वार कर दिया, जिससे उनका हाथ और कमर बुरी तरह से घायल हो गया।

महताब लाल सिंह की पुत्रवधू प्रिया कुमारी ने बताया कि मंजय कुमार सिंह ने अचानक हमला कर दिया, जिससे उनके ससुर की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मंजय कुमार सिंह का पहले से कोई विवाद नहीं था, लेकिन वह अचानक आया और घटना को अंजाम दिया।

घटना की सूचना मिलते ही बरांटी थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मंजय कुमार सिंह को ऊचीडीह चौक के पास से हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया।

घायल सकली देवी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजापाकर में प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

महताब लाल सिंह के दो पुत्र और दो पुत्री हैं। एक पुत्र और दो पुत्री की शादी हो चुकी है, और एक पोता और एक पोती भी है। घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है, और वे प्रशासन से न्याय की गुहार लगा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!