समृद्धि यात्रा पर वैशाली जिले में आज पहुंचेंगे मुख्यमंत्री
महुआ। रेणु सिंह
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा पर आगमन को लेकर महुआ का मेडिकल कॉलेज अस्पताल सज धज कर तैयार हो गया है। शनिवार को मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर यहां मुकुंदपुर सिंघाड़ा स्थित महाराणा प्रताप मैदान में उतरेगी। जहां से बे सड़क मार्ग से छतवारा स्थित निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचेंगे और अस्पताल का उद्घाटन के साथ वाया नदी की हुई उड़ाही कार्य का निरीक्षण करेंगे। मुख्यमंत्री की आगमन को लेकर पूर्व संध्या पर यहां शुक्रवार को सारे वरीय पदाधिकारी का जमघट लगा रहा।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आगमन को लेकर महुआ में काफी चहल-पहल है। उनके आगमन स्थल मुकुंदपुर सिंघाड़ा के महाराणा प्रताप मैदान से लेकर छतवारा स्थित मेडिकल कॉलेज अस्पताल तक सड़क की साफ सफाई के साथ कुशहर चौक और कार्यक्रम स्थल पर सड़क किनारे बैरिकेडिंग किया गया है। मुख्यमंत्री महाराणा प्रताप मैदान में आएंगे। उनके लिए दो हेलीपैड बनाए गए हैं। उनके आगमन के पूर्व संध्या पर मेडिकल कॉलेज अस्पताल को दुरुस्त कर सजाया गया। वही अस्पताल परिसर में ही विभिन्न प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। मुख्यमंत्री मेडिकल कॉलेज अस्पताल का संभवतः उद्घाटन के बाद बगल से गुजरने वाली वाया नदी की हुई उड़ाही कार्य का निरीक्षण करेंगे। जिसको लेकर नदी के भाग को साफ सुथरा कर रंग रोगन किया गया है। यहां कार्यक्रम स्थल पर महुआ ताजपुर सड़क को एक ओर से बैरिकेडिंग भी कर दिया गया है। इधर तैयारी को अंतिम रूप देने को लेकर पदाधिकारी का जमघट लग रहा। वरीय पदाधिकारी हर एक-एक पहलुओं को देखकर उसे दुरुस्त करने का निर्देश दिया।
महुआ को मिल सकता है बड़ा सौगात:
मुख्यमंत्री को यहां आगमन से लोगों में काफी उम्मीद है। लोगों का कहना है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का महुआ में आगमन हो रहा है। वह कोई बड़ा सौगात भी दे सकते हैं। ऐसे तो मेडिकल कॉलेज अस्पताल को उद्घाटन कर वे लोगों को चिकित्सीय सेवा के लिए सुपूर्द कर सकते हैं। वही डिग्री कॉलेज, विद्युत ग्रिड उप केंद्र सहित विभिन्न योजनाओं को भी अंतिम रूप देने का प्रयास जारी था। इधर लोगों ने बताया कि मुख्यमंत्री की आगमन से महुआ का स्वरूप ही बदल गया है। जहां पूरे कचरे का ढेर लगा रहता था। गंदगी से लोग परेशान थे। वहां साफ सफाई के साथ रंग रोगन कराया गया है। जिससे महुआ की चमक बढ़ गई है। उनके आगमन को लेकर महुआ का एक इलाका बदला बदला सा नजर आ रहा है। मुख्यमंत्री महुआ के बाद अनुमंडल के बाबा बटेश्वर नाथ पहुंचेंगे। जहां पर योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास के साथ पदाधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्य की समीक्षा करेंगे। साथ ही लोगों को संबोधित भी करेंगे। लोगों का कहना है की मुख्यमंत्री यहां बार-बार आए। ताकि विकास धरती पर दिखे।

