ब्रेकिंग न्यूज़: गोरौल प्रखंड में शव दाह-संस्कार विवाद का समाधान
गोरौल प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत राज सोंधो दुल्लह के अंधारी गाछी में महादलित परिवार से झपसी देवी पति-स्व0 दाहर मांझी का निधन हो गया था। उनके परिवार जनों द्वारा गृहतक के शव को दाह-संस्कार हेतु अंधारी गाछी सोंधों चौक पर रखकर यह बताया गया कि स्थानीय श्मशान घाट पर जाने के लिए रास्ता नहीं है इसलिए वे लोग शव को वहीं सड़क पर जलायेंगे।
स्थानीय मुखिया, जिला परिषद सदस्य, स्थानीय पदाधिकारियों द्वारा परिवार के सदस्यों को काफी समझाया गया कि शव का अंतिम दाह-संस्कार स्थानीय श्मशान घाट पर करें लेकिन वे लोग नहीं माने और शव को वहीं सड़क पर जला दिया गया।
इस घटनाक्रम को सोशल मीडिया पर स्थानीय विवाद दर्शाते हुए तोड़ मरोड़ कर गलत तथ्य के साथ लोगों के बीच प्रचारित किया गया, जो कि पूर्णतः असत्य है। उक्त घटना के घटित होने के कारण प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, थानाध्यक्ष, गोरौल से लापरवाही एवं समय सूचना प्रेषित ना किये जाने की प्रशासनिक चूक के कारण कारणपृच्छा की गई है।
कार्रवाई:
इस घटना के स्थल निरीक्षण हेतु दिनांक 30.01.2026 को जिला पदाधिकारी, वैशाली, पुलिस अधीक्षक, वैशाली, उप विकास आयुक्त, वैशाली, अनुमंडल पदाधिकारी, महुआ, अपर पुलिस अधीक्षक यातायात, वैशाली, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, महुआ एवं अन्य सभी स्थानीय प्रशासन के साथ स्थल निरीक्षण किया गया एवं तत्पश्चात विषयांकित बिंदु के संदर्भ में शांति समिति-सह-समस्या निवारण समिति की बैठक उप विकास आयुक्त, वैशाली की अध्यक्षता में दिनांक 30.01.2026 को आहूत की गई।
निर्णय:
उक्त शांति समिति-सह-समस्या निवारण समिति की बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि मंदिर एवं मलंग स्थान बिहार सरकार की भूमि पर अवस्थित है, इसको बगैर परिवर्तित करते हुए इसके बगल से एक रास्ता मुख्य सड़क से खेसरा सं0- 2796 जो रास्ता बिहार सरकार है, में सम्पर्क सड़क के लिए रास्ता बना दिया जाए। उक्त सड़क का उपयोग सार्वजनिक रूप से भविष्य में सभी के लिए उपलब्ध होगा।
सड़क निर्माण:
इस निर्माणाधीन सड़क पर मंदिर एवं मलंग स्थान से जुड़े लोग या स्थानीय लोग कभी भी अड़चन नहीं लगायेंगे। इस सड़क के निर्माण हेतु अमीन द्वारा नजरी नक्शा बनाकर सभी चौहद्दीदार से हस्ताक्षर करा लिया गया है। साथ ही इस सम्पर्क सड़क का निर्माण कार्य भी प्रारंभ हो गया है। 03 दिनों में सभी अवरोध को हटाते हुए PCC निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।
निगरानी:
वर्तमान में स्थिति शांतिपूर्ण एवं नियंत्रण में है। जिला प्रशासन एवं स्थानीय प्रशासन के स्तर से इस पर सम्पूर्ण निगरानी रखी जा रही है। वैशाली जिला के सभी अंचल अधिकारी एवं थानाध्यक्ष को निर्देश दिया गया है कि अपने-अपने क्षेत्रान्तर्गत सभी श्मशान घाटों के सम्पर्क सड़क की जांच ससमय सुनिश्चित करेंगे एवं कहीं पर यदि व्यवधान उत्पन्न हो तो आवश्यकतानुसार अग्रेतर कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।

