महुआ में कल होने वाली हिंदू महासम्मेलन की तैयारी पूरी
महुआ। रेणु सिंह
स्थानीय विष्णु चौक स्थित एक निजी स्कूल परिसर में रविवार को होने वाले हिंदू महासम्मेलन की तैयारी पूरी कर ली गई है। कार्यक्रम की सफलता को लेकर शुक्रवार को आयोजक मंडल द्वारा महुआ में बैठक कर हर एक-एक बिंदु पर विचार विमर्श किया गया। वही शनिवार को महुआ के फुलवरिया पश्चिम काली स्थान पर होने वाले हिंदू सम्मेलन को लेकर कई निर्णय लिए गए।
इस्कॉन मंदिर के पुजारी सीता रामेश्वर दास की अध्यक्षता में यहां अटल चौक स्थित भवन पर बैठक हुई। जिसमें महासम्मेलन को सफल बनाने को लेकर हर एक-एक बिंदु पर चर्चा की गई। बताया गया कि रविवार को महुआ के गांधी मैदान में गायत्री परिवार, ब्रह्माकुमारी, जय गुरुदेव, संत निरंकारी मंडल, इस्कॉन, कबीर मत, रविदास मंच, चौहरमल मंच, बाबा भूइंया मंच, आर्य समाज आदि सहित सभी हिंदू समाज में लोग जुटेंगे। जहां से साधु संतों की भीड़ में विशेष पद शोभायात्रा निकल जाएगी। जो विष्णु चौक स्थित एक निजी स्कूल सभा भवन पर पहुंचेगी। जहां पर मौनी बाबा, पंडित रमाशंकर शास्त्री, रविंद्र दास ब्रह्मचारी, ब्रह्मानंद स्वामी, संत डॉ दामोदरदास सहित विभिन्न साधु संतो का प्रवचन होगा। वही कार्यक्रम में विराजन सिंह के द्वारा भजन और बंगाल के कलाकारों द्वारा भाव नृत्य प्रस्तुत किया जाएगा। इस सम्मेलन में साधु संतों का पैर पूजन के साथ पूर्व सैनिकों का सम्मान कार्यक्रम भी होगा। बताया कि सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य सनातनी को एक करना है। उनकी एकता और उत्थान से ही राष्ट्र और समाज का कल्याण होगा। बैठक में विश्व हिंदू परिषद, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सहित विभिन्न संगठनों के लोग उपस्थित थे। यह भी बताया गया कि शनिवार को फुलवरिया पश्चिम काली स्थान पर होने वाले हिंदू सम्मेलन में कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
