औद्योगिक क्षेत्र, हाजीपुर में प्रथम चरण का 6 दिवसीय स्वास्थ्य शिविर सफलतापूर्वक संपन्न

औद्योगिक क्षेत्र, हाजीपुर में प्रथम चरण का 6 दिवसीय स्वास्थ्य शिविर सफलतापूर्वक संपन्न

लगभग 2500 श्रमिकों की हुई स्वास्थ्य जाँच, आयुष्मान कार्ड व श्रम कार्ड का भी निर्माण

जिला पदाधिकारी, वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह के औद्योगिक क्षेत्र, हाजीपुर के भ्रमण के क्रम में कार्यरत श्रमिकों द्वारा कम्पनी परिसर में ही स्वास्थ्य कैम्प, आयुष्मान कार्ड एवं श्रम कार्ड बनवाने का अनुरोध किया गया था। उक्त अनुरोध के आलोक में स्वास्थ्य की महत्ता को देखते हुए जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार औद्योगिक क्षेत्र, हाजीपुर में प्रथम चरण के अंतर्गत 6 दिवसीय स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जिसका समापन आज दिनांक 10.02.2026 को हुआ।
स्वास्थ्य शिविर का आयोजन विभिन्न औद्योगिक इकाइयों में निम्न तिथियों पर किया गया—
03.02.2026 – न्यू जील फैशन वेयर कम्पनी
05.02.2026 – कम्पीटेन्स एक्सपोर्ट प्रा.लि.
06.02.2026 – ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज लि.
07.02.2026 – अनमोल इंडस्ट्रीज लि.
09.02.2026 – सिपेट, औद्योगिक क्षेत्र हाजीपुर
10.02.2026 – सोना बिस्कुट, औद्योगिक क्षेत्र हाजीपुर
इस छह दिवसीय स्वास्थ्य शिविर में लगभग 2500 श्रमिकों की स्वास्थ्य जाँच की गई। शिविर में मधुमेह, रक्तचाप, कैंसर आदि से संबंधित स्क्रीनिंग एवं उपचार किया गया। सभी श्रमिकों का वजन मापन, बीपी जाँच, शुगर जाँच, हेमोग्लोबिन जाँच एवं ब्लड ग्रुप की जाँच कराई गई। चिकित्सीय परामर्श के उपरांत सभी आवश्यक दवाएँ, जैसे बीपी एवं शुगर की दवाएँ, निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं।
शिविर के दौरान लगभग 250 श्रमिकों का आयुष्मान कार्ड तथा श्रम विभाग द्वारा 120 श्रमिकों का श्रम कार्ड बनाया गया। इसके अतिरिक्त कृषि विभाग द्वारा 80 किसानों का रजिस्ट्रेशन भी किया गया। लगभग 155 श्रमिकों की नेत्र जांच विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा की गई।

श्रमिकों ने जिला पदाधिकारी द्वारा उठाए गए इस सराहनीय कदम की प्रशंसा करते हुए स्वास्थ्य टीम एवं संबंधित कंपनियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण सिविल सर्जन, वैशाली, जिला कार्यक्रम प्रबंधक तथा श्रम अधीक्षक, वैशाली द्वारा किया गया। शिविर में डॉ. ज्ञान रंजन, डॉ. प्रभाष, डॉ. इलाश्री, डॉ. प्रशांत कुमार सिन्हा, डॉ. गौतम, डॉ. रश्मि, डॉ. विपुल, डॉ. सादान सहित चिकित्सा पदाधिकारियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की टीम ने सेवा प्रदान की।
प्राचार्य, सिपेट एवं संबंधित कंपनियों के प्रबंधकों ने स्वास्थ्य शिविर की सराहना करते हुए भविष्य में भी समय-समय पर ऐसे शिविर आयोजित करने का अनुरोध किया।
जिला पदाधिकारी, वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह ने शिविर में कार्यरत चिकित्सा पदाधिकारियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की सराहना करते हुए औद्योगिक क्षेत्र में नियमित अंतराल पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने का निर्देश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!