जिलाधिकारी वैशाली की पहल से औद्योगिक क्षेत्र में श्रमिक कल्याण शिविरों का सफल आयोजन
वैशाली जिला प्रशासन के सक्रिय मार्गदर्शन में श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग द्वारा हाजीपुर औद्योगिक क्षेत्र में कार्यरत श्रमिकों के कल्याण हेतु एक महत्वपूर्ण पहल की गई। जिलाधिकारी, वैशाली ,श्रीमती वर्षा सिंह के निर्देश पर दिनांक 03 फरवरी 2026 से 10 फरवरी 2026 तक विभिन्न औद्योगिक इकाइयों में श्रमिक कल्याण शिविरों का आयोजन किया गया।
इन शिविरों का उद्देश्य औद्योगिक क्षेत्र में कार्यरत कामगारों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न श्रमिक हितकारी योजनाओं की जानकारी देना तथा उन्हें प्रत्यक्ष लाभान्वित करना था। जिले में पहली बार इस प्रकार के संगठित श्रमिक कल्याण शिविरों का आयोजन किया गया, जिससे श्रमिकों में विशेष उत्साह देखा गया।
शिविरों का आयोजन न्यू ज़ील फैशन वियर प्रा. लि., कॉम्पिटेंस एक्सपोर्ट्स प्रा. लि. (EPIP), ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज़ लिमिटेड, अनमोल इंडस्ट्री लिमिटेड, सिपेट (EPIP) तथा सोना बिस्कुट्स लिमिटेड सहित हाजीपुर औद्योगिक क्षेत्र की प्रमुख इकाइयों में किया गया।
शिविरों के दौरान श्रमिकों की कार्य अवधि, वेतन, पीएफ एवं ईएसआईसी से संबंधित विवरणों का संकलन किया गया। लगभग 70 श्रमिकों का ई-श्रम कार्ड बनाया गया। साथ ही, जिन श्रमिकों का पीएफ एवं ईएसआईसी कटौती नहीं हो रही थी, उन्हें ई-श्रम पंजीकरण की प्रक्रिया से अवगत कराया गया। ई-श्रम कार्ड हेतु आधार से लिंक मोबाइल नंबर, बैंक खाता विवरण तथा आयु सीमा (16 से 59 वर्ष) जैसी आवश्यक जानकारियाँ भी साझा की गईं।
जिलाधिकारी के निर्देशानुसार यह अभियान केवल श्रम विभाग तक सीमित न रहकर एक समेकित शिविर अभियान के रूप में संचालित किया गया। श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग के साथ-साथ स्वास्थ्य विभाग, उद्योग विभाग तथा राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग द्वारा एक ही परिसर में सेवाएँ प्रदान की गईं। शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया एवं आवश्यक दवाओं का वितरण भी किया गया। इसके अतिरिक्त फैक्ट्री रजिस्ट्रेशन का कार्य भी संपादित किया गया।
इस संपूर्ण अभियान से लाभान्वित श्रमिकों ने जिला प्रशासन एवं जिलाधिकारी वैशाली के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में श्रम अधीक्षक, वैशाली, कारखाना निरीक्षक हाजीपुर, जिला उद्योग केंद्र के पदाधिकारी, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी एवं श्रम अधीक्षक कार्यालय के अन्य कर्मी उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन द्वारा यह स्पष्ट किया गया कि आगामी समय में भी जिलाधिकारी वैशाली के निर्देशानुसार औद्योगिक क्षेत्र की अन्य इकाइयों में इस प्रकार के श्रमिक कल्याण शिविरों का आयोजन किया जाता रहेगा, ताकि श्रमिकों को शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ सुनिश्चित किया जा सके।
