महुआ प्रखंड जद यू अध्यक्ष बने राम कुमार सिंह ,कार्यकर्ताओं ने दी बधाई।
रिपोर्ट सुधीर मालाकार।
महुआ (वैशाली)। महुआ प्रखंड अंतर्गत मेघपुर निवासी रामकुमार सिंह को जनता दल यूनाइटेड (जद यू) का नया प्रखंड अध्यक्ष सर्वसम्मति से चुना गया है। प्रखंड अध्यक्ष के चुनाव को लेकर रविवार को महुआ के कदम चौक स्थित सिंघाड़ा के विशाल मार्केट परिसर में जदयू कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई।
बैठक का आयोजन निर्वाचित पदाधिकारी विक्की सिंह कुशवाहा के नेतृत्व में किया गया, जिसमें सभी कार्यकर्ताओं की सहमति से रामकुमार सिंह को प्रखंड अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। चुनाव प्रक्रिया के दौरान प्रखंड निर्वाचन पर्यवेक्षक के रूप में इंद्रजीत राय उपस्थित रहे।
नवनिर्वाचित प्रखंड अध्यक्ष को युवा जदयू के प्रखंड अध्यक्ष मुनचुन कुमार साहनी, जिला महासचिव रंजीत राय, दिनेश सिंह, रंजीत पासवान, नवीन चंद्र भारती, संतोष कुमार सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बधाई और शुभकामनाएं दीं।वहीं दूसरी तरफ इसी पार्टी के कार्यकर्ता बिपुल कुमार ने गुपचुप तरीके से चुनाव प्रक्रिया पूर्ण करने का आरोप लगाया।उन्होंने कहा कि क्रियाशील सदस्यों को इसकी सूचना नहीं दी गई तथा चुनाव पर्यवेक्षक द्वारा कुछ लोगों को लेकर ही चुनाव संपन्न कर लिया गया,जो लोकतांत्रिक व्यवस्था में बिल्कुल ही गलत है। उन्होंने इस चुनाव प्रक्रिया को रद्द करने की मांग की है।
