महुआ अनुमंडल पूर्व सैनिक संघ की होली मिलन मे संगठन को मजबूती देने का संकल्प ।

महुआ अनुमंडल पूर्व सैनिक संघ की होली मिलन मे संगठन को मजबूती देने का संकल्प ।

रिपोर्ट सुधीर मालाकार।
महुआ (वैशाली)।महुआ नगर परिषद क्षेत्र स्थित लीलावती विवाह भवन में रविवार को महुआ अनुमंडल पूर्व सैनिक संघ की मासिक बैठक सह होली मिलन समारोह का आयोजन भव्य रूप से संपन्न हुआ। बैठक में अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आए पूर्व सैनिकों ने भाग लिया और संगठन को मजबूत बनाने तथा पूर्व सैनिकों के कल्याणकारी योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष मुन्ना कुमार ने की, जबकि संचालन सचिव राम शंकर राय ने किया। इस अवसर पर संगठन के विस्तार के तहत कई नए पूर्व सैनिकों को विधिवत सदस्यता दिलाई गई और संघ परिवार में उनका स्वागत किया गया। जिला संघ के उपाध्यक्ष अमजद अली मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने पूर्व सैनिकों की एकता और संगठनात्मक मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि संघ हर परिस्थिति में अपने सदस्यों और उनके परिवारों के साथ खड़ा रहेगा। साथ ही उन्होंने सभी पूर्व सैनिकों को होली की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। अपने अध्यक्षीय संबोधन में मुन्ना कुमार ने स्पर्श पेंशन प्रणाली, पेंशन डिजिटलीकरण से जुड़ी समस्याएं तथा पूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना (ECHS) के तहत मिलने वाली चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी दी और सदस्यों को तकनीकी एवं वित्तीय जागरूकता बढ़ाने पर बल दिया।
होली मिलन समारोह में दिखा सौहार्द और भाईचारा
बैठक के समापन पर हरेंद्र राय ने धन्यवाद ज्ञापन किया। इसके पश्चात उपस्थित पूर्व सैनिकों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर और गले मिलकर होली की बधाई दी, जिससे पूरा परिसर भाईचारे और सौहार्द के रंग में रंग गया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से रामनरेश सिंह, रामेश्वर राय, एमपी सिंह, रामसूरत राय, जयराम सिंह, जेपी गुप्ता, बीके कमल, आरपी गिरी, बिंदेश्वर प्रसाद शर्मा, हरेंद्र सिंह, राजेश्वर प्रसाद सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक और गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!