विभूतिपुर की ऐतिहासिक – सांस्कृतिक संपदाओं पर प्रकाशित हुई पुस्तक

विभूतिपुर की ऐतिहासिक – सांस्कृतिक संपदाओं पर प्रकाशित हुई पुस्तक

विमोचन की हो रही तैयारी

विभूतिपुर/समस्तीपुर

प्रखंड के इतिहास, भूगोल और सांस्कृतिक स्वरूपों पर पुस्तक प्रकाशित की गयी है।यह पहल प्रखंड शिक्षा कार्यालय में लेखा सहायक के रूप में कार्यरत योगेश कुमार ने की है।पहली बार विभूतिपुर प्रखंड की महत्ता को प्रदर्शित करने के लिए स्थानीय विद्वानों ने शोधपूर्ण आलेखों का संकलन ‘ लौ ‘ ( विभूतिपुर प्रखंड की संपदाएं एवं सृजनधर्मिता ) तैयार किया है।इसका संपादन सुपरिचित लेखक – पत्रकार अश्विनी कुमार आलोक ने किया है।इस पुस्तक के संयोजक योगेश कुमार ने बताया कि बीते दो वर्षों में विभूतिपुर के विद्यालयी छात्र – छात्राओं ने शैक्षिक मेधा और अन्य प्रकार की प्रतिभा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां अर्जित की हैं। इस कार्य में शिक्षकों और संस्कृतिकर्मियों के अतिरिक्त स्थानीय लोगों का प्रोत्साहन बहुत खास रहा है। प्रखंड संसाधन केंद्र ने साहित्य और चित्रकला की भी अनेक प्रतियोगिताएं आयोजित कीं।उन प्रतियोगिताओं में सम्मिलित उत्कृष्ट प्रविष्टियों का पुस्तक रूप प्रकाशित करने की योजना बनाई गयी। उन्होंने कहा कि विभूतिपुर प्रखंड जिले का बड़ा प्रखंड होने के साथ – साथ इतिहास – संस्कृति और व्यावसायिक स्तर पर भी बहुत समृद्ध है। स्थानीय लोगों के पास अपनी संपदाओं का लिखित और प्रमाणिक दस्तावेज होना चाहिए।इसी उद्देश्य से ‘ लौ ‘ नामक यह पुस्तक प्रकाशित की गयी है। उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि आनेवाली पीढ़ियों को अपनी स्थानीयता का बोध हो,इसके लिए इस पुस्तक को किसी शोधप्रबंध की तरह परिश्रम पूर्वक तैयार किया गया है।आगामी दो मार्च को इसका विभूतिपुर प्रखंड कार्यालय परिसर में विमोचन किया जायेगा।इसी अवसर पर विभूतिपुर प्रखंड के शिक्षा पदाधिकारी को उनकी सेवा निवृत्ति के अवसर पर भावभीनी विदाई भी दी जायेगी।इस कार्यक्रम की तैयारी में स्थानीय विद्यालयों के शिक्षक महीने भर से रंगे हुए हैं, उनमें गजब का उत्साह देखा जा रहा है।बताया गया है कि पुस्तक के विमोचन समारोह में अनेक जनप्रतिनिधि और जिले के वरिष्ठ अधिकारी भाग लेंगे।इस कार्यक्रम में पुस्तक की समीक्षा वार्ता प्रस्तुत करने के लिए ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा के पूर्व मानविकी संकायाध्यक्ष डा चन्द्रभानु प्रसाद सिंह को आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम में रमाकांत राय रमा, नरेन्द्र कुमार सिंह,डा देवनारायण यादव,डा गगनदेव चौधरी आदि स्थानीय लेखकों और पत्रकारों के अतिरिक्त बैद्यनाथ पंडित प्रभाकर, मुकेश कुमार मृदुल जैसे वरिष्ठ लेखक – पत्रकार भी उपस्थित रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!