संत जोसेफ स्कूल, सिंघाड़ा ने आयोजित किया विज्ञान प्रदर्शनी व साहित्य उत्सव।
रिपोर्ट सुधीर मालाकार।
महुआ (वैशाली) राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर संत जोसेफ स्कूल, सिंघाड़ा में भव्य ‘विज्ञान प्रदर्शनी व साहित्य उत्सव के साथ साथ जागरूकता कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार सरकार के लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री संजय सिंह ने किया ।कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने विज्ञान आधारित नवाचारी मॉडल प्रस्तुत कर ग्रामीण समाज में वैज्ञानिक सोच और तार्किकता का संदेश दिया।
प्रदर्शनी में स्वास्थ्य सेवा, आधुनिक कृषि, सतत विकास तथा सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) जैसे विषयों पर आधारित मॉडल आकर्षण का केंद्र रहे। कृषि एवं पर्यावरण विषय पर आधुनिक खेती की तकनीक और पर्यावरण संरक्षण को दर्शाया गया, वहीं स्वास्थ्य एवं स्वच्छता से जुड़े मॉडलों के माध्यम से जागरूकता फैलाने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम में बिहार सरकार के लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री संजय कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि “राष्ट्रीय विज्ञान दिवस केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि बच्चों में तार्किकता और नवाचार की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाकर ही हम विकसित भारत की परिकल्पना को साकार कर सकते हैं।”
संस्थान के सचिव सत्येन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल पाठ्यपुस्तक तक सीमित शिक्षा देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में रचनात्मकता और प्रयोगात्मक सोच विकसित करना है। ऐसे आयोजन बच्चों को नई दिशा देते हैं और उनके आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं।
प्रधानाचार्य विवेक कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि विज्ञान प्रदर्शनी के माध्यम से छात्रों को अपने विचारों को व्यवहारिक रूप देने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता है तो उन्हें उचित मंच प्रदान करने की।
विद्यालय की प्रबंधक सीमा सिंह ने कहा कि शिक्षा का लक्ष्य बच्चों को जिम्मेदार एवं जागरूक नागरिक बनाना है। विज्ञान आधारित गतिविधियां विद्यार्थियों में जिज्ञासा, अनुसंधान और तर्कशीलता की भावना को मजबूत करती हैं।
कार्यक्रम के अंत में मंत्री श्री सिंह ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत एवं सम्मानित किया। इस अवसर पर बच्चों द्वारा आयोजित ‘बाल संसद’ में मंत्री ने विद्यार्थियों के प्रश्नों का उत्तर देकर उनका उत्साहवर्धन किया। समारोह का समापन समाज में वैज्ञानिक मानसिकता को बढ़ावा देने के संकल्प के साथ हुआ।इस मौके पर प्रो अरविंद कुमार,प्रो ब्रज किशोर सिंह ,मानवाधिकार टुडे के संपादक शशि भूषण कुमार ,महुआ नगर परिषद उप सभापति रोमी यादव सहित अन्य गण्यमान व्यक्ति उपस्थित थे।
