मौदह बुजुर्ग में ब्रज वेलफेयर सोसाइटी की अनूठी पहल : –
मौदह बुजुर्ग में होली मिलन समारोह में बुजुर्गों के संग रंग–गुलाल की बौछार ।
रिपोर्ट सुधीर मालाकार ।
पातेपुर (वैशाली) पातेपुर प्रखंड की मौदह बुजुर्ग पंचायत में सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश करते हुए ब्रज वेलफेयर सोसाइटी, मौदह बुजुर्ग शाखा द्वारा बुजुर्गों के साथ होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि लक्ष्मी ठाकुर के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ, जिसमें क्षेत्र के बड़ी संख्या में बुजुर्ग महिला-पुरुषों ने सहभागिता निभाई।
समारोह की शुरुआत अबीर-गुलाल और पारंपरिक होली गीतों के साथ हुई। स्थानीय बुजुर्ग कलाकारों ने फाग और होली गीतों की ऐसी रंगारंग प्रस्तुति दी कि पूरा परिसर उत्साह और उमंग से झूम उठा।
इस अवसर पर संस्थान से जुड़े डॉ. सुरेश कुमार राय ने कहा कि ब्रज वेलफेयर सोसाइटी वर्ष 2016 से समाज सेवा के विविध क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभा रही है और लगातार जरूरतमंदों तक सहयोग पहुंचा रही है। उन्होंने बताया कि सोसाइटी की पहली शाखा पातेपुर प्रखंड के प्राणपुर ग्राम में संचालित हो रही थी, जबकि अब दूसरी शाखा मौदह बुजुर्ग पंचायत में स्थापित की गई है।
उन्होंने जानकारी दी कि प्रत्येक रविवार को “आनंद शाला” के माध्यम से क्षेत्र के बुजुर्ग एकत्रित होकर अपने अनुभव साझा करेंगे और सामाजिक संवाद को सशक्त बनाएंगे। इससे बुजुर्गों को मानसिक संबल और सामाजिक जुड़ाव मिलेगा।
कार्यक्रम में संस्थान के कार्यकारी अध्यक्ष गौतम कुमार, पूर्व मुखिया अरुण साह, संजय चौधरी राजेश कुमार सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। समारोह के दौरान सभी बुजुर्गों को अंगवस्त्र एवं बेंत की छड़ी भेंट कर सम्मानित किया गया।
समारोह ने यह संदेश दिया कि समाज के वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान और सहभागिता ही सशक्त समाज की आधारशिला है। रंग–गुलाल और आत्मीयता के इस आयोजन ने बुजुर्गों के चेहरे पर मुस्कान बिखेर दी।
