डीएम वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह की पहल पर ड्यूटी में तैनात कर्मियों के बीच भी पहुंची होली की खुशियां
होली पर्व के अवसर पर जहाँ एक ओर आम लोग रंग और उत्सव में डूबे रहे, वहीं दूसरी ओर जिले की सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में प्रशासनिक एवं पुलिसकर्मी ड्यूटी पर तैनात रहे। ऐसे कर्मियों के बीच भी पर्व की खुशियां पहुँचाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह के निर्देश पर जिला प्रशासन द्वारा विशेष पहल की गई।
इस क्रम में कार्यपालक पदाधिकारी सुशील कुमार ने ड्यूटी पर तैनात कर्मियों के साथ मिठाई बांटी और गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएँ दीं। इस दौरान सभी कर्मियों ने आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ पर्व की खुशियां साझा कीं।
जिला प्रशासन का मानना है कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई अधिकारी और कर्मी अपने परिवार से दूर रहकर सेवा देते हैं। ऐसे में उनके बीच भी त्योहार का माहौल बनाने की यह पहल प्रशासन की संवेदनशीलता को दर्शाती है।
जिलाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह ने कहा कि होली जैसे पर्व सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश देते हैं। जिला प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि ड्यूटी में तैनात सभी अधिकारी एवं कर्मी सुरक्षित वातावरण में अपनी जिम्मेदारियां निभाने के साथ-साथ त्योहार की खुशियों को भी महसूस कर सकें। उन्होंने सभी कर्मियों के समर्पण की सराहना करते हुए उन्हें होली की शुभकामनाएँ भी दी।
