वारंटी थाना की बड़ी कार्रवाई: हथियार लहराते युवक को किया गिरफ्तार, जखीरा बरामद

वारंटी थाना की बड़ी कार्रवाई: हथियार लहराते युवक को किया गिरफ्तार, जखीरा बरामद
रिपोर्ट: सुधीर मालाकार

हाजीपुर (वैशाली) — बिदुपुर के वारंटी थाना क्षेत्र में खुलेआम हथियार लहराकर लोगों में भय का माहौल बनाने वाले युवक को पुलिस ने धर दबोचा। महुआ अनुमंडल पुलिस कार्यालय में गुरुवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस उपाधीक्षक राजेश कुमार ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि थाना क्षेत्र में हथियार प्रदर्शन की सूचना मिलते ही वरिय अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई और त्वरित छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार युवक की पहचान ग्राम तितरा, वार्ड संख्या-11 निवासी प्रमोद कुमार शुक्ला के पुत्र विकास कुमार उर्फ विकास शुक्ला के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में अवैध हथियार और सामग्री बरामद की।

बरामद सामान:

  • एक दोनाली बंदूक
  • 12 बोर की 33 जिंदा कारतूस
  • 12 बोर के 13 खोखे
  • पिस्टलनुमा एयरगन
  • विदेशी शराब की बोतलें
  • अन्य आपत्तिजनक सामग्री

एसडीपीओ राजेश कुमार ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट और उत्पाद अधिनियम समेत सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पूछताछ में हथियारों के स्रोत और नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है। पुलिस यह भी जाँच कर रही है कि आरोपी का कोई पुराना आपराधिक इतिहास रहा है या वह किसी बड़े गिरोह से जुड़ा है।

स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की है। कई ग्रामीणों का कहना है कि हाल के दिनों में क्षेत्र में असामाजिक तत्व सक्रिय हुए थे और इस गिरफ्तारी से भय का माहौल कम होगा। पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि होली और आगामी त्योहारों को देखते हुए अवैध हथियार और शराब के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!