विद्यार्थियों में मोबाइल की लत भविष्य के लिए खतरा : ब्रजवासी बंशीधर
(बालेश्वर सिंह सुदामा देवी उच्च विद्यालय में विधान पार्षद का भव्य स्वागत, विकास कार्यों का दिया आश्वासन)
रिपोर्ट सुधीर मालाकार
हाजीपुर (वैशाली)
तिरहुत स्नातक क्षेत्र से निर्वाचित विधान परिषद सदस्य माननीय ब्रजवासी बंशीधर का सहदेई बुजुर्ग प्रखंड के अंधराबर चौक, पहाड़पुर तोई स्थित बालेश्वर सिंह सुदामा देवी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के सभागार में भव्य स्वागत किया गया।
समारोह की अध्यक्षता विद्यालय के निदेशक अधिवक्ता सुनील कुमार सिंह ने की। इस अवसर पर विद्यालय परिवार की ओर से विधान पार्षद को अंग वस्त्र एवं पुष्प हार से सम्मानित किया गया। विद्यालय की छात्राएं रितु कुमारी, श्वेता, सुष्मिता एवं रित ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथि का अभिनंदन किया।
समारोह को संबोधित करते हुए विधान पार्षद बंशीधर ब्रजवासी ने कहा कि “आज विद्यार्थियों द्वारा मोबाइल का दुरुपयोग किया जा रहा है। वे हमेशा मोबाइल के साथ रहने की आदत बना चुके हैं, जो आने वाले समय के लिए बहुत ही खतरे का विषय है।” उन्होंने संगठनात्मक मजबूती पर चर्चा करते हुए आगामी चुनाव में सभी लोगों से बढ़-चढ़ कर भाग लेने की अपील की। विचार गोष्ठी में उन्होंने विद्यालय के विकास पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
समारोह को सहदेई बुजुर्ग शिक्षक संघ के अध्यक्ष शिवप्रसाद राय उर्फ महात्मा जी, शिक्षक संघ के प्रभारी राजीव कुमार, शिक्षक गयासुद्दीन, सतीश प्रसाद, धर्मेंद्र कुमार, डॉ. बी. एन. शर्मा, दिनेश सिंह, गनौर सिंह कुशवाहा, कमलेश कुमार, सुरेश प्रसाद सिंह, मनोज सिन्हा सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी संबोधित किया।
विद्यालय के निदेशक सुनील कुमार सिंह ने माननीय विधान पार्षद के समक्ष विद्यालय में पुस्तकालय हेतु पुस्तकें, साइकिल शेड निर्माण, पेयजल सुविधा, खेल सामग्री सहित अन्य विकासात्मक मुद्दों की मांग रखी। विधान पार्षद ने सभी मांगों को आगामी समय में पूरा करने का आश्वासन दिया।
