कानून के साथ कदम से कदम मिलाकर चलेंगे केमिस्ट, प्रतिबंधित दवाओं के कारोबार के खिलाफ लिया शपथ. तुलसीपुर। दवा व्यापारियों और पुलिस प्रशासन के बीच 16 अगस्त को विश्वास, सहयोग और कानून के पालन की दिशा में रविवार को तुलसीपुर में एक महत्वपूर्ण एवं भावनात्मक बैठक आयोजित हुई। प्रभारी निरीक्षक तुलसीपुर सुधीर सिंह के आह्वान पर स्थानीय थाना परिसर में नगर के केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में दवा व्यापारी बैठक में उपस्थित हुए। बैठक के दौरान प्रभारी निरीक्षक सुधीर सिंह ने सभी दवा व्यापारियों को प्रतिबंधित दवाओं की खरीद-बिक्री से पूरी तरह दूर रहने की शपथ दिलाई। उपस्थित केमिस्टों ने एक स्वर में शपथ लिया कि वे न प्रतिबंधित दवा खरीदेंगे, न बेचेंगे और न ही किसी भी प्रकार से ऐसे अवैध कारोबार का हिस्सा बनेंगे। दवा व्यापारियों ने यह भी शपथ लिया कि यदि किसी दुकान पर प्रतिबंधित दवा पाई जाती है तो उसे नियमानुसार तत्काल नष्ट किया जाएगा। इस दौरान व्यापारियों ने स्पष्ट संदेश दिया कि दवा का व्यापार समाज की सेवा से जुड़ा व्यवसाय है और इसकी आड़ में किसी भी गलत गतिविधि को स्थान नहीं दिया जाएगा। बैठक में प्रभारी निरीक्षक ने दवा व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि जो व्यापारी ईमानदारी से अपना वैध कारोबार कर रहे हैं और कानून का पालन कर रहे हैं, उनके साथ पुलिस प्रशासन द्वारा किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार या अनावश्यक उत्पीड़न नहीं किया जाएगा। इस आश्वासन से उपस्थित दवा व्यापारियों में विश्वास और सुरक्षा की भावना मजबूत हुई। वहीं, पूर्व में दर्ज मुकदमों में वांछित एवं संलिप्त व्यक्तियों को प्रभारी निरीक्षक द्वारा स्पष्ट संदेश दिया गया कि वे अविलंब पुलिस के समक्ष अथवा न्यायालय में आत्मसमर्पण करें, अन्यथा उनके विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि ईमानदार दवा व्यापारी पुलिस और प्रशासन के विरोधी नहीं, बल्कि समाज और व्यवस्था के सहयोगी हैं। हमारा उद्देश्य किसी भी गलत कार्य का बचाव करना नहीं, बल्कि वैध दवा व्यापारियों की गरिमा, सुरक्षा और सम्मान के साथ अपने व्यवसाय को संचालित करना है।
एसोसिएशन ने सभी सदस्यों से अपील की कि वे कानून का पालन करें, प्रतिबंधित दवाओं से पूरी तरह दूरी बनाए रखें और समाज के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
बैठक में केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन तुलसीपुर के अध्यक्ष शिवकुमार शुक्ला, महामंत्री दिलीप कुमार गुप्ता, कोषाध्यक्ष पंकज शुक्ला, संरक्षक अमिताभ चक्रवर्ती, सुखदेव चौरसिया सहित बड़ी संख्या में केमिस्ट एवं दवा व्यापारी मौजूद रहे।
बैठक का संदेश स्पष्ट रहा—ईमानदार दवा व्यापारी कानून के साथ हैं, पुलिस प्रशासन के साथ हैं और स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज के निर्माण में अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाएंगे। तहलका न्यूज़ के लिए मिट्ठू शाह की रिपोर्ट. तहलका न्यूज़ पर बिज्ञापन और समाचार देने के लिए संपर्क करें मिट्ठू शाह से मोबाइल नंबर 9198041777पर






