जिले के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों पर सामाजिक अंकेक्षण कार्यक्रम का आयोजन मानक के अनुरूप सुनिश्चित किया जाए : जिलाधिकारी
जिला पदाधिकारी, वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह द्वारा जिले के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों पर सामाजिक अंकेक्षण कार्यक्रम का आयोजन निर्धारित मानकों के अनुरूप सफलतापूर्वक संपन्न कराने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को महत्वपूर्ण निर्देश दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि निदेशक, आई०सी०डी०एस०, निदेशालय के पत्रांक 7071, दिनांक 15.12.2025 के माध्यम से दिनांक 20 दिसंबर 2025 को जिले के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों पर सामाजिक अंकेक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाने का निर्देश प्राप्त हुआ है। इसके आलोक में जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
सामाजिक अंकेक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत सेक्टर स्तर पर आयोजित बैठकों में सामाजिक अंकेक्षण समिति के अध्यक्ष एवं सदस्यों को आमंत्रित किया जाना है। कार्यक्रम में पारदर्शिता एवं जन सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गृह भ्रमण एवं प्रभात फेरी के माध्यम से आम जन समुदाय को सामाजिक अंकेक्षण समिति की बैठकों में भाग लेने हेतु जागरूक किया जाएगा।
सामाजिक अंकेक्षण के दौरान आंगनवाड़ी केंद्रों पर संचालित सेवाओं की विस्तृत समीक्षा की जाएगी, जिसमें पूरक पोषाहार, टी०एच०आर०, दवाओं की आपूर्ति, टीकाकरण की स्थिति, बच्चों की पोषण स्थिति, कुपोषित एवं अतिकुपोषित बच्चों की संख्या, वजन की प्रगति, स्कूल पूर्व शिक्षा की क्रियाशीलता तथा आंगनवाड़ी विकास समिति के सदस्यों की सहभागिता सहित अन्य बिंदुओं पर चर्चा की जाएगी।
सामाजिक अंकेक्षण से संबंधित सभी गतिविधियों की कार्यवाही विधिवत रूप से कार्यवाही पुस्तिका में अंकित की जाएगी तथा कार्यक्रम के अंत में इसे उपस्थित जन समुदाय के समक्ष पढ़कर सुनाया जाएगा।
सामाजिक अंकेक्षण समिति की बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष द्वारा की जाएगी। अध्यक्ष की अनुपस्थिति में समिति के सदस्यों द्वारा सर्वसम्मति से मनोनीत सदस्य द्वारा बैठक का संचालन किया जाएगा।
जिला पदाधिकारी द्वारा यह भी निर्देश दिया गया है कि सामाजिक अंकेक्षण प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सहभागितापूर्ण तरीके से संपन्न कराया जाए, ताकि आंगनवाड़ी सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार सुनिश्चित किया जा सके।

