आईसीडीएस योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी : जिलाधिकारी

आईसीडीएस योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी : जिलाधिकारी

जिलाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह ने आईसीडीएस योजनाओं की समीक्षा की, आंगनबाड़ी संचालन में सुधार के दिए सख्त निर्देश

दिनांक 02.01.2026 (शुक्रवार) को जिला पदाधिकारी, वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह की अध्यक्षता में समाहरणालय में सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों (सीडीपीओ) के साथ आईसीडीएस द्वारा संचालित योजनाओं की विस्तृत समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि नए वर्ष में आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन विभागीय नियमों एवं मानकों के अनुरूप हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र एक अत्यंत संवेदनशील संस्था है, जहां बच्चों से जुड़ी सेवाएं प्रदान की जाती हैं, इसलिए कार्य में संवेदनशीलता, जवाबदेही और गुणवत्ता अनिवार्य है।

जिलाधिकारी ने सभी सीडीपीओ को निर्देश दिया कि आंगनबाड़ी केंद्रों को चार श्रेणियों में वर्गीकृत करते हुए एक सप्ताह के भीतर विस्तृत प्रतिवेदन उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। साथ ही प्रत्येक सीडीपीओ को प्रतिमाह कम से कम 15 आंगनबाड़ी केंद्रों का प्राथमिकता के आधार पर निरीक्षण एवं पर्यवेक्षण कर आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में पेयजल, शौचालय एवं विद्युत सुविधा से वंचित आंगनबाड़ी केंद्रों पर विशेष चिंता व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने ऐसे सभी केंद्रों की सूची तीन दिनों के भीतर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अगले सप्ताह आईसीडीएस की पुनः समीक्षात्मक बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें सभी बिंदुओं पर अपेक्षित सुधार की प्रगति की समीक्षा की जाएगी।

राघोपुर बाल विकास परियोजना की विभिन्न योजनाओं में प्रगति असंतोषजनक पाए जाने पर जिलाधिकारी ने सीडीपीओ राघोपुर को विशेष रूप से निर्देशित किया कि कार्यप्रणाली में शीघ्र एवं ठोस सुधार सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी ने दो टूक शब्दों में कहा कि आईसीडीएस योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और बच्चों एवं महिलाओं के हितों से जुड़े कार्यों में गुणवत्ता एवं संवेदनशीलता सर्वोपरि होनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!