देसरी प्रखंड परिवर्तन संघर्ष मोर्चा की हुई बैठक, देसरी को अनुमंडल बनाने, देसरी में रेलवे फ्लाईओवर निर्माण, एक्सप्रेस ट्रेन की ठहराव की माँग हुई तेज, किया सांकेतिक प्रदर्शन,
देसरी, 11.01.2026
देसरी प्रखंड परिवर्तन संघर्ष मोर्चा की एक महत्वपूर्ण बैठक आशीर्वाद कॉम्प्लेक्स में विजय कुमार यादव की अध्यक्षता में की गई, जिसमें प्रखंड की ज्वलंत जनसमस्याओं और विकास से जुड़े मुद्दों पर गंभीर चर्चा की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से देसरी को अनुमंडल बनाने, देसरी रेलवे फाटक पर फ्लाईओवर निर्माण एवं दिल्ली, कोलकाता, असम, पुणे जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन की ठहराव, स्वास्थ्य सेवा की बदहाली को लेकर क्रमबद्ध आंदोलन करने का निर्णय लिया गया। इस बैठक में देसरी बाजार को स्वच्छ बनाने के लिए भी आवश्यक पहल करने का निर्णय लिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए देसरी प्रखंड परिवर्तन संघर्ष मोर्चा के सचिव रंजीत पंडित ने कहा कि देसरी रेलवे फाटक पर प्रतिदिन घंटों जाम लगता है, एम्बुलेंस तक फँस जाती है। देसरी को अनुमंडल का दर्जा नहीं मिलने से यहां के लोगों को प्रशासनिक एवं अन्य कार्यों के लिए हाजीपुर, महनार एवं महुआ जैसे दूरस्थ स्थानों पर जाना पड़ता है, जिससे छात्र, मरीज, महिलाएँ, व्यापारी और आम नागरिक काफी परेशान रहते हैं। लेकिन सरकार और प्रशासन आंख मूंदे बैठा है। अब देसरी की जनता और चुप नहीं बैठेगी।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए विजय कुमार यादव ने कहा कि रेलवे फ्लाईओवर का निर्माण देसरी ही नहीं, बल्कि आसपास के कई प्रखंडों के लिए भी आवागमन को सुगम बनाएगा और व्यापार, शिक्षा व स्वास्थ्य सेवाओं को गति देगा।
बैठक में राजकुमार जायसवाल एवं रत्नेश कुमार सिंह ने कहा कि मोर्चा के सचिव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जुलाई में पत्र देकर देसरी को अनुमंडल बनाने का मांग किया था। मुख्यमंत्री सचिवालय ने इसे सामान्य प्रशासन विभाग को भेज दिया था। इस संबंध में सूचना के अधिकार में रंजीत पंडित को सामान्य प्रशासन विभाग ने बताया कि देसरी को अनुमंडल बनाने हेतु जिला पदाधिकारी एवं प्रमंडलीय आयुक्त के माध्यम से विधिवत तरीके से प्रस्ताव प्राप्त नही है। जिसके बाद मोर्चा के सचिव ने प्रस्ताव विधिवत रूप से सामान्य प्रशासन विभाग को भेजने का अनुरोध जिलाधिकारी एवं आयुक्त मुजफ्फरपुर से किया है। लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं होने के कारण आंदोलन की रूपरेखा तैयार की गई है।
बैठक के पश्चात सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा सांकेतिक प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के माध्यम से सरकार से माँग की गई कि अविलंब रेलवे फ्लाईओवर निर्माण की स्वीकृति दी जाए। जनहित एक्सप्रेस के साथ साथ दिल्ली, कोलकाता, असम, पुणे जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन की ठहराव देसरी स्टेशन पर सुनिश्चित किया जाए। साथ ही देसरी को अनुमंडल का दर्जा प्रदान किया जाए।
मोर्चा के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो इस आंदोलन को जनआंदोलन के रूप में और व्यापक किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी।
बैठक में सुबोध पासवान, सोहन कुमार, शिव कुमार गुप्ता, अनिल जायसवाल, धीरज कुमार, राकेश जायसवाल, दयानंद पासवान, सुरेश कुमार, अर्जुन मांझी, नीरज कुमार, विद्याभूषण कुमार, संतोष कुमार, संजय कुमार, विशाल कुमार सिंह, बिंदा सिंह, उमेश कुमार सहित कई बुद्धिजीवी, युवा, छात्र एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहें।

