पातेपुर में फर्जी डिग्रीधारी चिकित्सक की लापरवाही से युवक संक्रमित, अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार सुरक्षा संगठन ने दिलाया न्याय ।
रिपोर्ट सुधीर मालाकार।
पातेपुर (वैशाली) प्रखंड के 16 वर्षीय युवक को फर्जी डिग्रीधारी ग्रामीण चिकित्सक द्वारा गलत इंजेक्शन लगाए जाने से उसके पूरे शरीर में तेजी से संक्रमण फैल गया। स्थिति गंभीर होने के बावजूद भी संबंधित चिकित्सक द्वारा टालमटोल किया जाता रहा।
पीड़ित युवक के पिता ने तत्काल अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार सुरक्षा संगठन की टीम से संपर्क कर सैदपुर डुमरा, पातेपुर स्थित कार्यालय में लिखित आवेदन दिया। संगठन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित जांच-पड़ताल की तथा फर्जी चिकित्सक, पीड़ित युवक एवं उसके परिजनों को आमने-सामने बुलाकर तथ्यात्मक समीक्षा की।
युवक की स्वास्थ्य स्थिति जांच के बाद युवक के उपचार पर आया सम्पूर्ण चिकित्सा खर्च फर्जी डिग्रीधारी ग्रामीण चिकित्सक द्वारा वहन किया जाएगा। संगठन की सक्रिय पहल से पीड़ित परिवार को त्वरित राहत और न्याय मिला,अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार सुरक्षा संगठन ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे फर्जी डिग्रीधारी चिकित्सकों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी निर्दोष की जान से खिलवाड़ न हो। इसकी जानकारी अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार सुरक्षा संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अमरजीत कुमार यादव ने दी।

