बाल विवाह मुक्त भारत अभियान: बक्सर में रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया
बक्सर। प्रभारी मंत्री श्रीमती रमा निषाद ने बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत बाल विवाह मुक्ति रथ को बक्सर परिसदन से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी बक्सर श्रीमती साहिला, उप विकास आयुक्त बक्सर श्रीमती निहारिका छवि, जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन के डायरेक्टर सह सचिव स्वर्गीय कन्हाई शुक्ला सामाजिक सेवा संस्थान सुधीर कुमार शुक्ला उपस्थित थे।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि बक्सर जिले को बाल विवाह मुक्त जिला बनाना है और इस दिशा में यह सार्थक प्रयास है। रथ पूरे जिले में प्रखंडों, पंचायतों में जाएगी और लोगों के बीच जन जागरूकता फैलाएगी। जिला पदाधिकारी बक्सर ने कहा कि जिला प्रशासन बक्सर बाल विवाह मुक्त बक्सर बनाने की दिशा में सार्थक प्रयास कर रहा है।
संस्थान के सचिव ने बताया कि बक्सर जिले के सदर प्रखंड के 50 गांव में विशेष रूप से बाल विवाह मुक्त गांव बनाने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही साथ संपूर्ण बक्सर जिले में जागरूकता फैलाई जा रही है ताकि 2030 तक भारत को बाल विवाह मुक्त राष्ट्र बनाया जा सके।

