पांच वर्षों में राज्य के सभी प्रखंडो में खुलेंगे छात्रावास: मंत्री
पटना। 30 जनवरी राज्य के सभी प्रखंडो में एससी-एसटी समुदाय के छात्रों लिए छात्रावास खोले जाएंगे। अगले पांच वर्षों में सभी 534 प्रखंडो में इनका निर्माण होगा। इस कड़ी में अबतक 139 छात्रावास संचालित है एवं 60 नए छात्रावासों की स्वीकृति दी जा चुकी है, जिनमें से कुछ जगहों पर निर्माण कार्य प्रारंभ है। ये बाते शुक्रवार को अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग के मंत्री लखेंद्र कुमार रौशन ने सूचना भवन के संवाद कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में बताई।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में 91 आवासीय विद्यालय संचालित है। जहां आवासित छात्र छात्राओं को आवासन एवं पठन-पाठन की उच्च स्तरीय सुविधाएं निशुल्क उपलब्ध कराई जाती है। इन आवासीय विद्यालयों के छात्र छात्राओं ने नीट, जेईई एवं अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों में सफलता अर्जित की है। 91 आवासीय विद्यालयों के अतिरिक्त 28 अन्य नए विद्यालयों की स्वीकृति दी गई है।
साथ ही प्रत्येक जिले में 100 बेड वाली सावित्री बाई फुले छात्रावास खोलने की भी योजना है। इसके लिए 18 जिलों में भूमि आवंटित की जा चुकी है, और कुछ जगहों पर कार्य शुरू हो गया है। उन्होंने आगे बताया कि इन छात्रावासों में प्रतेक छात्र-छात्राओं को 15 किलो ग्राम अनाज (9 किग्रा चावल/ 6 किग्रा गेंहू) मुफ्त दिया जाता है। साथ ही, बच्चों को मुख्यमंत्री छात्रावास अनुदान योजना के तहत 1 हजार रुपये प्रतिमाह डीबीटी के माध्यम से खाते में भेजा जाता है।

