औद्योगिक क्षेत्र हाजीपुर में स्वास्थ्य शिविरों का होगा आयोजन -श्रमिकों को मिलेंगी निःशुल्क चिकित्सा सेवाएँ
हाजीपुर। बिहार सरकार और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तत्वावधान में जिला स्वास्थ्य समिति, वैशाली द्वारा औद्योगिक क्षेत्र हाजीपुर के श्रमिकों के कल्याण के लिए एक व्यापक स्वास्थ्य अभियान की रूपरेखा तैयार की गई है।
इस संबंध में जिलाधिकारी, वैशाली द्वारा कड़े निर्देश दिए गए हैं कि औद्योगिक क्षेत्र में कार्यरत हर एक कामगार तक स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुँच सुनिश्चित की जाए। आगामी 3 फरवरी से 10 फरवरी तक विभिन्न औद्योगिक इकाइयों में विशेष स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य श्रमिकों को उनके कार्यस्थल पर ही गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएँ उपलब्ध कराना है, जिसका समय सुबह 11:00 बजे से दोपहर 03:00 बजे तक निर्धारित किया गया है।
शिविरों में श्रमिकों को बहुआयामी स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान की जाएँगी। चिकित्सा परामर्श के अंतर्गत सामान्य चिकित्सा के साथ-साथ स्त्री रोग, नेत्र रोग और शिशु रोग विशेषज्ञों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। इसके अतिरिक्त, लाभार्थियों की रक्तचाप, मधुमेह, टीबी, एचआईवी, हीमोग्लोबिन, रक्त समूह की जाँच और कैंसर स्क्रीनिंग जैसी महत्वपूर्ण जाँचें भी की जाएँगी।
जाँच के उपरांत मरीजों को रक्तचाप, मधुमेह, लौह तत्व और कैल्शियम सहित लगभग 50 अन्य प्रकार की आवश्यक दवाइयाँ निःशुल्क वितरित की जाएँगी। डिजिटल स्वास्थ्य और आयुष्मान कार्ड: प्रशासन ने आधुनिक डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं पर भी विशेष जोर दिया है।

