मोहिउद्दीन नगर में 90वां शिव जयन्ती महोत्सव

मोहिउद्दीन नगर में 90वां शिव जयन्ती महोत्सव

मोहिउद्दीन नगर: आज प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के थाना चौक के निकट स्थित स्थानीय सेवाकेंद्र द्वारा मंगल भवन में 90वां शिव जयन्ती महोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास पूर्वक मनाया गया। दीप प्रज्ज्वलन द्वारा महोत्सव का उद्घाटन समस्तीपुर से पधारे सविता बहन, ओम प्रकाश भाई, आयकर अधिवक्ता डीके सिंह, मनियर मठ के मठाधीश विष्णु देवानंद ज्योति, पूर्व प्रधानाध्यापिका विमला देवी ने संयुक्त रुप से किया।

समारोह को संबोधित करते हुए समस्तीपुर से पधारी बीके सविता बहन ने कहा कि परमात्मा का अज्ञानता की अंधियारी रात में दिव्य अवतरण होता है, इसलिए इस पर्व को शिवरात्रि के रूप में मनाया जाता है। आज जो मनुष्य के जीवन में दुःख, अशांति, चिंता, भय, निराशा आदि का अंधकार व्याप्त है उससे केवल परमात्मा के द्वारा बताए गए मार्ग पर चलकर ही सदा काल के लिए मुक्ति पाई जा सकती है।

समस्तीपुर से ओम प्रकाश भाई ने उपस्थित लोगों को इस पावन दिवस की बधाई देते हुए कहा कि शिवलिंग निराकार परमपिता परमात्मा शिव के ज्योति स्वरूप का यादगार है। उनके ऊपर भांग-धतूर आदि विषैली चीजें चढ़ाने का तात्पर्य है- अपनी बुराइयां परमात्मा को अर्पित करना। जलाभिषेक करना परमात्मा के प्रति हमारी समर्पणमयता का प्रतीक है।

आयकर अधिवक्ता डीके सिंह ने कहा कि ईश्वरीय विश्व विद्यालय विश्व शान्ति स्थापना में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। आज के समय में चिंता, निराशा, भय, दुःख बढ़ता ही जा रहा है। ऐसे समय पर आध्यात्मिक ज्ञान और मेडिटेशन के द्वारा लोगों का बड़ा भला हो सकता है, जो यह संस्थान अपने विश्वव्यापी सेवाकेंद्रों के माध्यम से भली-भांति कर रहा है।

कार्यक्रम के अंत में शिव ध्वजारोहण किया गया। सभी से शुभ संकल्प करवाए गए और प्रसाद वितरण किया गया। समारोह में मुख्य रूप से ब्रजेश भाई, राजबीर भाई, शशि रंजन भाई, सतेंद्र भाई सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!