एसपी के जनता दरबार में लगी जनता की भीड़।
महनार वैशाली। जिले के महनार थाना परिसर में गुरुवार को पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस जनता दरबार में नगर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न इलाकों से बड़ी तादाद में फरियादी पहुंचे और अपनी-अपनी समस्याएं पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखीं। एसपी के जनता दरबार में भूमि विवाद, पारिवारिक झगड़े, मारपीट, महनार बाजार में जाम की समस्या, सूखा नाश सहित अन्य मामलों से संबंधित शिकायतें आयीं । पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग ने सभी फरियादियों की शिकायतों को बहुत ही संजीदगी से सुनी और संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसपी ने कहा कि आम जनता की समस्याओं का त्वरित और निष्पक्ष समाधान पुलिस की प्राथमिकता है। किसी भी फरियादी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। जनता दरबार में कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया गया, जबकि शेष मामलों में संबंधित थाना एवं पदाधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस आम जनता की सेवा के लिए है और जनता दरबार जैसे कार्यक्रमों से पुलिस और जनता के बीच विश्वास और अधिक मजबूत होता है।
इस अवसर पर महनार थाना अध्यक्ष वेदानंद सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी, पुलिसकर्मी, स्थानीय नागरिक एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
