इस्लामिया टीचर्स ट्रेनिंग बी.एड. कॉलेज में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस उत्साहपूर्वक संपन्न.
फुलवारी शरीफ परवेज आलम।
पटना के फुलवारीशरीफ स्थित इस्लामिया टीचर्स ट्रेनिंग बी.एड. कॉलेज में 28 फरवरी को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस बड़े उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस वर्ष 2026 में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस का विषय —
“Women in Science: Catalysing Viksit Bharat” (विज्ञान में महिलाएँ: विकसित भारत को गति देने वाली)। था।
कार्यक्रम का उद्देश्य विज्ञान के क्षेत्र में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करना तथा विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और नवाचार की भावना विकसित करना था। इस अवसर पर कॉलेज के शिक्षार्थियों ने विज्ञान से संबंधित विभिन्न मॉडल, चार्ट एवं प्रयोग प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान रंजीत, ऋषिका, दानिश, साकिब, रितिका, शालिनी मिश्रा एवं शालू ने भाषण, पोस्टर प्रदर्शनी, स्लोगन लेखन एवं विज्ञान संबंधी डेमोंस्ट्रेशन प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने विज्ञान के महत्व, उसके दैनिक जीवन में उपयोग तथा नवीन वैज्ञानिक आविष्कारों पर प्रभावशाली ढंग से प्रकाश डाला। उनकी रचनात्मक प्रस्तुति से भविष्य के प्रति वैज्ञानिक नजरिया स्पष्ट प्रतिबिंबित हो रहा था जिसने उपस्थित सभी शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को प्रभावित किया।
इस अवसर पर IQAC के समन्वयक डॉ. अली इमाम एवं सह-समन्वयक डॉ. मंजुला ने विज्ञान की विशेषताओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि विज्ञान हमारे जीवन का अभिन्न अंग है और इसके माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन संभव है। उन्होंने विशेष रूप से विज्ञान के क्षेत्र में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने तथा नवाचार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ तथा सभी प्रतिभागियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सराहा गया।

