बाइक के धक्के से सड़क पार कर रहे अधेड़ व्यक्ति की मौत
महुआ मंगरू चौक से छतवारा जाने वाली बाईपास सड़क पर पंचमुखी चौक के पास हुई घटना, घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल, बस्ती में होली का त्योहार पर फीका
महुआ। रेणु सिंह
बाइक के धक्के से सड़क पार कर रहे एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा है। वही बस्ती में होली का त्योहार फीका पड़ गया है। यह घटना रविवार की रात महुआ मंगरु चौक से छतवारा जाने वाली बाईपास सड़क पर पंचमुखी चौक के पास घटी।
मृतक 53 वर्षीय अंजनी कुमार सिंह नगर परिषद वार्ड संख्या 25 महुआ सदापुर निवासी स्व. हृदय प्रसाद का पुत्र था। प्राप्त जानकारी के अनुसार अंजनी कुमार सिंह अपने नए मकान से पुराने मकान पर पैदल जा रहे थे इस बीच उक्त जगह पर सड़क पार करने के दौरान अपाचे बाइक सवार ने जोरदार ठोकर मार दी। बताया जा रहा है कि ठोकर लगने के बाद बाइक सवार ही घायल अंजनी सिंह को उठाकर महुआ अनुमंडल अस्पताल ले गया और घटना की सूचना परिजनों को दी। सूचना मिलने पर परिजन अनुमंडल अस्पताल पहुंच गए जहां घायल की हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टर ने हाजीपुर रेफर कर दिया। हाजीपुर जाने के दौरान उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। उसके बाद परिजन उन्हें वापस घर ले आए। सोमवार की सुबह सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कागजी प्रक्रिया पूरी कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया। बताया जा रहा है कि बाइक को लोगों ने जप्त कर लिया। जबकि सवार निकल भागा। ग्रामीणों द्वारा जप्त बाइक पुलिस ले गई।
अधेड़ की मौत से घर परिवार के साथ बस्ती का होली पर फीका:
महुआ सदापुर नगर परिषद वार्ड संख्या 25 निवासी अंजनी कुमार सिन्हा की दुर्घटना में हुई मौत के बाद घर परिवार के साथ-साथ बस्ती के लोगों का रंगों का त्यौहार होली फीका पड़ गया है। घटना से परिजनों में कोहराम मचा है। वही बस्ती में मातम छाया हुआ है। मृतक छोटा गुमटीनूमा दुकान चलाकर घर परिवार का भरण पोषण करता था। घटना से पत्नी उषा सिन्हा, चार पुत्र सचिन, सौरभ, गौरव और रितिक व एक पुत्री अन्नु प्रिया का रो रो कर बुरा हाल था। पूर्व नगर पार्षद अरुण कुमार सिंह, दीनबंधु यादव, शिवजी प्रसाद आदि मृतक के घर पहुंचकर सांत्वना दी। सभापति नवीन चंद्र भारती, उपसभापति रोमी यादव ने घटना को दुखद बताया।
